रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की दौरे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मन की बात’ को सुना. इसके बाद सीएम धामी ने ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद किया. इस दौरान उन्होंने शिक्षा, रोजगार, स्टार्टअप, नवाचार और विकसित उत्तराखंड में युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया.
इसके साथ ही सीएम धामी ने करोड़ों रुपए की लागत से बने अत्याधुनिक सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण भी किया. वहीं, चारधाम यात्रा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और मानसून के दौरान भी यात्रा को सुरक्षित, सरल एवं सुगम बनाए रखने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है.
दरअसल, 28 जून यानी रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रुड़की पहुंचे, जहां पर बीजेपी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया. कार्यक्रम के शुरुआत में मुख्यमंत्री धामी ने सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को कार्यकर्ताओं के साथ सुना. इसके बाद आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से सीधे संवाद किया.
इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का भविष्य युवाओं के हाथों में है. सरकार उन्हें बेहतर शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है. इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने एचआरडीए यानी हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की ओर से करोड़ों रुपए की लागत से तैयार किए गए आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया.
जिम और बैडमिंटन में आजमाया हाथ: उन्होंने कहा कि इस अत्याधुनिक खेल परिसर से रुड़की और आसपास के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी और प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान मिलेगी. वहीं, कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, खिलाड़ियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही. खुद सीएम धामी ने जिम और बैडमिंटन में हाथ आजमाया.