सीएम धामी तोड़ेंगे ND Tiwari का रिकॉर्ड, बीजेपी ने की जश्न की तैयारी, कांग्रेस ने कसा तंज

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बतौर सीएम रहते हुए 5 साल का कार्यकाल 4 जुलाई 2026 को पूरा होने जा रहा है. ऐसे में सरकार और बीजेपी संगठन दोनों ही बड़ा कार्यक्रम करने की तैयारी हैं. एक तरफ जहां सरकार तैयारी में जुटी हुई है तो वहीं, दूसरी ओर भाजपा संगठन भी पांच साल के कार्यकाल पूरा होने को लेकर जश्न मनाने की रणनीति तैयार कर रहा है.

बीजेपी सीएम धामी के पांच साल के कार्यकाल का जश्न इसीलिए भी मानने जा रही है, ताकि उत्तराखंड में एनडी तिवारी के बाद सीएम धामी ही ऐसे मुख्यमंत्री है, जिन्होंने अपने पांच साल का कार्यकाल पूरा किया है. इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूर्व सीएम दिवंगत एनडी तिवारी के रिकॉर्ड को तोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.

एनडी तिवारी का कार्यकाल अभी तक सबसे लंबा रहा: यूपी से अलग होकर 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ था. इसके बाद साल 2002 में हुए विधानसभा चुनाव में पहली निर्वाचित सरकार कांग्रेस पार्टी की बनी और 2 मार्च 2002 को एनडी तिवारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. खास बात ये रही कि एनडी तिवारी ने अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा किया, लेकिन उसके बाद कोई भी मुख्यमंत्री 5 साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए. हालांकि अब चार जुलाई 2026 को सीएम धामी के पांच साल पूरे होने जा रहे है. इन पांच साल में एक साल उनकी पहली सरकार का भी है.

4 जुलाई 2021 को सीएम बने थे धामी: दरअसल, साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव से पहले जुलाई 2021 में राज्य की कमान पुष्कर सिंह धामी को सौंप दी गई. इसके बाद 4 जुलाई 2021 को पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इसके बाद से ही सीएम धामी लगातार राज्य की बागडोर संभाल रहे हैं. उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी का कार्यकाल 2 मार्च 2002 से 7 मार्च 2007 रहा था.

एन तिवारी का कार्यकाल 1831 दिन का: बतौर मुख्यमंत्री एनडी तिवारी ने 5 साल 5 दिन यानी 1831 दिन राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी भूमिका निभाई थी. वही, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 4 जुलाई 2021 को राज्य की कमान संभाली थी जिसके बाद वर्तमान समय यानी 29 जून 2026 तक 1821 दिन का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं. जबकि पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी का रिकॉर्ड तोड़ने में अब महज 10 दिन का ही वक्त बचा है, लेकिन 4 जुलाई को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 5 साल का वक्त पूरा होने जा रहा है. जिसे चलते भाजपा एक बड़े जश्न को मनाने की तैयारी में है.

बीजेपी के जश्न की तैयारियां: इस एक हफ्ते के दौरान प्रदेश भर में कौन-कौन से कार्यक्रम आयोजित होंगे. इसके लिए जल्द ही प्रदेश भाजपा मुख्यालय की ओर से रूपरेखा भी तैयार कर ली जाएगी.

भाजपा के इस 9-10 साल के कार्यकाल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 5 साल का कार्यकाल पूरा होने का शुभ दिन जुलाई महीने में आने वाला है. ऐसे में भाजपा पूरे उत्साह के साथ प्रदेश भर में एक हफ्ते तक कार्यक्रमों का आयोजन करेगी, जिन कार्यक्रमों का रोडमैप जल्द ही तैयार किया जाएगा.
-महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखंड बीजेपी-

कांग्रेस का तंज: बीजेपी इस जश्न पर कांग्रेस ने तंज कसा है. उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि भाजपा को 5 साल का कार्यकाल पूरा होने पर नहीं बल्कि 10 साल का कार्यकाल पूरा होने पर कार्यक्रम आयोजित करना चाहिए.

बीजेपी को बताना चाहिए कि कैसे त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जमीनों की लूट शुरू की थी और सीएम धामी ने उसे क्लाइमैक्स तक पहुंचाने का काम किया है. प्रदेश में बढ़ती महिलाओं के खिलाफ अपराध के बारे में जनता को बताना चाहिए, इसके साथ ही पेपर लीक, खनन, शराब, पलायन समेत अन्य मामलों में जो राज्य सरकार की उपलब्धि है, उसको भी जनता को बताना चाहिए. ऐसे में उनका मानना है कि अगर यह सभी उपलब्धियां जनता को बताएंगे तो जनता उनका धन्य मानेगी.

-सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश उपाध्यक्ष, उत्तराखंड कांग्रेस-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *