देहरादून: उत्तराखंड में गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए सोमवार का दिन राहत लेकर आया. इस दिन देहरादून समेत राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश देखने को मिली. इस दौरान ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना हुआ और लोगों को गर्मी और उमड़ से राहत मिली.
पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान उत्तराखंड के लोगों को सोमवार को बड़ी राहत मिली. प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के चलने से मौसम अचानक सुहावना हो गया. देहरादून समेत राज्य के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई. वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है.
दरअसल प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से लगातार तापमान बढ़ने और उमस के कारण लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई थी. खासतौर पर मैदानी जिलों में दिन के समय गर्मी और रात में उमस से लोग बेहाल थे. ऐसे में सोमवार सुबह से ही मौसम ने करवट ली और राजधानी देहरादून सहित कई जिलों में बादल छाने लगे. इसके बाद हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली.
सोमवार को देहरादून के अलावा टिहरी, उत्तरकाशी और चमोली जिलों के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली. वहीं कुमाऊं मंडल के बागेश्वर और अल्मोड़ा के कुछ हिस्सों में भी बारिश दर्ज की गई. कई स्थानों पर ठंडी हवाएं चलने से मौसम पूरी तरह बदल गया और लोगों को लंबे समय बाद राहत महसूस हुई.
राजधानी देहरादून में सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जिसके कुछ समय बाद तेज बारिश भी हुई. हालांकि तेज बारिश का यह दौर ज्यादा देर तक नहीं चला, लेकिन इससे मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया.