रुद्रप्रयाग: बदरीनाथ हाईवे से सटे नगरासू स्थित गुरुद्वारा दमदमा साहिब को लेकर बीते दो दिनों से चल रहे विवाद के बीच प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने का दावा किया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने स्पष्ट कहा है कि हेमकुंड साहिब यात्रा और गुरुद्वारे की सभी गतिविधियां शांतिपूर्वक एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
क्या था पूरा मामला?
शनिवार को नगरासू स्थित गुरुद्वारा दमदमा साहिब में कुछ निहंग सिख श्रद्धालुओं और गुरुद्वारा प्रबंधन के बीच विवाद की सूचना सामने आई थी। बताया गया कि कर्णप्रयाग में 16 जून को हुई घटना में गिरफ्तार निहंगों की रिहाई की मांग को लेकर कुछ निहंग गुरुद्वारे पहुंचे थे।विवाद बढ़ने पर गुरुद्वारे में हंगामे और नारेबाजी की खबरें सामने आईं। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और हालात पर नजर रखी गई। एहतियातन रुद्रप्रयाग और चमोली जिले में कुछ समय के लिए इंटरनेट सेवाएं भी बंद की गई थीं।
‘यात्रा पूरी तरह सुरक्षित’
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू रूप से जारी है। सड़क मार्ग खुले हुए हैं और तीर्थयात्रियों का आवागमन सामान्य रूप से चल रहा है।
उन्होंने कहा कि कहीं भी यातायात बाधित नहीं है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की गई है।
गुरुद्वारे में अरदास और लंगर सेवा जारी
जिलाधिकारी ने बताया कि नगरासू स्थित गुरुद्वारे में अरदास, लंगर सेवा और यात्रियों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति द्वारा सभी व्यवस्थाएं नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं।
प्रशासन के अनुसार गुरुद्वारे में किसी प्रकार का कब्जा, हिंसा या किसी व्यक्ति को बंधक बनाए जाने जैसी बातें अपुष्ट और भ्रामक हैं। वर्तमान में परिसर में शांति का माहौल है और सभी धार्मिक गतिविधियां पूर्ववत संचालित हो रही हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की नजर
स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें क्षेत्र में पूरी तरह मुस्तैद हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
अफवाहों से बचने की अपील
प्रशासन ने आम जनता और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अपुष्ट खबरों और अफवाहों से बचें तथा केवल प्रशासनिक और आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।