हल्द्वानी: नैनीताल जनपद के हल्द्वानी में परिवहन विभाग ने यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड प्रवर्तन अभियान चलाया है. विभाग ने इस दौरान करीब 30 हजार चालान किए हैं, जबकि 1294 वाहनों को सीज किया गया है. विभिन्न प्रवर्तन कार्रवाइयों से 3 करोड़ 57 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना भी वसूला गया है. परिवहन विभाग अब एएनपीआर कैमरों और ऑनलाइन चालान प्रणाली के जरिए नियम तोड़ने वालों पर लगातार नजर बनाए हुए है.
हल्द्वानी समेत पूरे कुमाऊं क्षेत्र में परिवहन विभाग सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार सख्ती बरत रहा है. वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान विभाग द्वारा चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई है. विभागीय आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में कुल 29 हजार 791 चालान किए गए, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन के मामलों में 1 हजार 294 वाहनों को सीज किया गया. परिवहन विभाग की ओर से की गई इन कार्रवाइयों के जरिए 3 करोड़ 57 लाख रुपये से अधिक की धनराशि जुर्माने के रूप में वसूल की गई है.
आरटीओ गुरदेव सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के लिए विभाग आधुनिक तकनीक का भी सहारा ले रहा है. इसी कड़ी में ऑनलाइन चालान व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन यानी एएनपीआर कैमरों के साथ-साथ विभिन्न टोल प्लाजा पर भी अत्याधुनिक कैमरे लगाए गए हैं. इन कैमरों की मदद से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान कर ऑनलाइन चालान जारी किए जा रहे हैं.
परिवहन विभाग का मानना है कि तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था से नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और सड़कों पर अनुशासन बढ़ेगा. साथ ही वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी. विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें, आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके.