Uttarakhand: ऊर्जा संकट के बीच धामी सरकार का नया नियम, बिजली दफ्तरों में एसी नहीं, अफसरों को करनी होगी कारपूल

धामी सरकार के ऊर्जा संरक्षण और संसाधन प्रबंधन अभियान के तहत अब यूपीसीएल ने 23 कड़े नियम जारी किए हैं। जहां बिजली दफ्तरों में एसी का ना के बराबर इस्तेमाल होगा तो वहीं अफसरों को कारपूल करके दफ्तर आना होगा।

नए आदेश के मुताबिक, अब सभी कार्यालयों और भवनों में एयर कंडीशनर का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच ही रखना होगा। इसके अलावा, अधिकारियों को एसी का प्रयोग न करने या कम से कम करने के लिए हतोत्साहित किया जाएगा। दफ्तरों में अनावश्यक रोशनी और सजावटी लाइटिंग पर भी पूरी तरह से नियंत्रण किया जाएगा।

कर्मचारियों और अधिकारियों को कारपूल (गाड़ी साझा करना) या एम्प्लॉई बस सर्विस का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही कर्मचारियों को साइकिल से कार्यालय आने-जाने के लिए प्रेरित करने के लिए एक विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। बिजली विभाग के कार्मिकों को निजी वाहनों के बजाए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की सख्त हिदायत दी गई है।लंच ब्रेक दफ्तर में करें
बिना आवश्यकता के होने वाली विदेशी और घरेलू यात्राओं पर पूरी तरह अस्थायी रोक लगा दी गई है। दफ्तरों के खर्चों से बचने के लिए वर्चुअल बैठक और हाइब्रिड गवर्नेंस को अनिवार्य रूप से अपनाने को कहा गया है। कर्मचारियों को सलाह दी गई है कि वे लंच ब्रेक के दौरान बाहर जाने के बजाए कार्यालय परिसर में ही अपना लंच करें, ताकि समय और ईंधन दोनों की बचत हो सके।

सरकारी खरीद में शत-प्रतिशत मेक इन इंडिया नियमों का कड़ाई से पालन करने और त्योहारों पर स्थानीय हस्तशिल्प व जीआई-टैग वस्तुओं को प्राथमिकता देने का आदेश दिया गया है। यूपीसीएल के कार्यालय की कैंटीनों में तेल के उपयोग की समीक्षा की जाएगी। कम तेल वाले स्वास्थ्यवर्धक भोजन के लिए जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *