पुताई करने वाले ने ही लाखों की नकदी पर किया हाथ साफ, पुलिस ने किया गिरफ्तार

हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस ने मुखानी क्षेत्र में एक निजी कार्यालय का ताला तोड़कर लाखों की चोरी करने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है. एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस टीम ने सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को दबोचा. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन लाख सत्रह हजार पांच सौ रुपये नकद और चोरी हुए दस्तावेज बरामद किए हैं.

नैनीताल जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखानी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने कार्यालय का ताला तोड़कर लाखों रुपये चोरी करने वाले आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के अनुसार 27 मई को हिम्मतपुर तल्ला निवासी विक्रम सिंह कनवाल ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया था कि बच्ची नगर स्थित उनके कार्यालय का शटर उखाड़कर अज्ञात चोर करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गया. मामले में थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की.

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार और थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध की पहचान की. साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया. इसके बाद मुखानी क्षेत्र के लामाचौड़ खास में चेकिंग के दौरान आरोपी बबलू को गिरफ्तार किया गया. आरोपी मूल रूप से पीलीभीत का रहने वाला है और वर्तमान में हल्द्वानी में रह रहा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *