राजनीतिक मंत्र सीखेंगे भाजपा के चुनावी सिपहसालार, दिग्गजों का विधानसभाओं तक पहुंचेगा संदेश – Devbhoomi Insider

राजनीतिक मंत्र सीखेंगे भाजपा के चुनावी सिपहसालार, दिग्गजों का विधानसभाओं तक पहुंचेगा संदेश

देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में पूर्णकालिक विस्तारकों की नियुक्ति करने जा रही है. इन विस्तारकों को 13 और 14 अक्टूबर को काशीपुर में आयोजित होने वाली दो दिवसीय कार्यशाला में प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण के बाद सभी विस्तारक अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय हो जाएंगे और चुनाव समाप्त होने तक वहीं रहकर संगठन के लिए काम करेंगे.

भाजपा की इस कार्यशाला में प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए नियुक्त विस्तारक शामिल होंगे. इसके अलावा विस्तारकों के कामकाज की निगरानी और उन्हें दिशा-निर्देश देने के लिए छह सदस्यों की प्रदेश स्तरीय टोली भी बनाई जा रही है. इस टोली की घोषणा जल्द होने की संभावना है. पार्टी संगठन की इस पूरी कवायद को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है.

कार्यशाला में विस्तारकों को बूथ स्तर पर संगठन की गतिविधियों को मजबूत करने और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा. अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचने के बाद विस्तारक बूथ समितियों के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे. बूथ स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों को सफल बनाने के साथ ही वे चुनाव से संबंधित पार्टी के निर्देशों के क्रियान्वयन में भी अहम भूमिका निभाएंगे. चुनाव तक विधानसभा क्षेत्रों में उनकी मौजूदगी से संगठन को लगातार सक्रिय रखने और बूथ स्तर पर तैयारियों की निगरानी करने में मदद मिलेगी.

विस्तारकों की नियुक्ति और प्रशिक्षण के साथ ही भाजपा चुनावी संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम उठाने जा रही है. पार्टी जल्द ही विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रभारियों की घोषणा भी करेगी. इन चुनाव प्रभारियों को भी कार्यशाला में प्रशिक्षण दिए जाने की तैयारी है. इस तरह भाजपा विधानसभा स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय कर चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित करने में जुटी है.
-कुंदन परिहार, प्रदेश महामंत्री, बीजेपी-

दो दिवसीय कार्यशाला में विस्तारकों को मार्गदर्शन देने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष भी मौजूद रहेंगे. इसके अलावा उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी कार्यशाला में शामिल होंगे. वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में विस्तारकों को संगठन की प्राथमिकताओं और चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *