हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से बड़ी खबर सामने आई है. रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में गैस प्लांट के पास पत्नी से अनबन के चलते एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया. मौके पर पहुंची रानीपुर कोतवाली पुलिस ने युवक को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वो पत्नी को बुलाने की जिद पर अड़ा हुआ है. उसे नीचे उतारने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम तैनात है.
फिलहाल पुलिस-प्रशासन की टीम युवक को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास कर रही है, लेकिन वह अपनी पत्नी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ा है. पुलिस से बातचीत में युवक ने अपना नाम विशाल राम बताया. वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बनारस का रहने वाला है.
जानकारी के अनुसार विशाल गुजरात में अपनी पत्नी के साथ रह रहा था. झगड़े के बाद में उसकी पत्नी उसे छोड़कर यूपी के बड़ौत में आ गई थी. जैसे ही विशाल को खबर मिली कि उसकी पत्नी बड़ौत में रह रही है तो भी वहां पहुंचा और मोबाइल टावर पर चढ़कर पत्नी से बात करने की जिद करने लगा. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और विशाल से उसकी पत्नी की बात कराई. इसके बाद विशान मोबाइल टावर से नीचे उतरा.
पुलिस का कहना है कि विशाल अपनी पत्नी को साथ ले जाना चाहता था, लेकिन वो जाने के लिए तैयार नहीं हुई. इसके बाद बड़ौत से भी विशाल की पत्नी कही चली गई. इसी बीच विशाल को खबर लगी कि उसकी पत्नी हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में रह रही है. अब विशाल हरिद्वार पहुंचा और फिर से मोबाइल टावर पर चढ़ गया.
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और विशाल को नीचे उतारने का प्रयास किया. युवक की मांग है कि उसकी पत्नी को मौके पर बुलाया जाए. हरिद्वार पुलिस ने उसकी पत्नी का मोबाइल नंबर पता कर संपर्क किया तो जानकारी मिली कि वह यूपी के पीलीभीत में है.
पुलिस ने विशाल की पत्नी से भी बात करने का प्रयास किया, लेकिन विशाल उसे मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ा रहा. रानीपुर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं. पुलिस लगातार युवक को समझाने में जुटी है.