देहरादून: पुलिस शहीद स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को याद किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए पुलिस विभाग के लिए कई घोषणाएं भी की है. देहरादून के पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ही पुलिस विभाग के तमाम अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे.
देशभर में शहीद पुलिसकर्मियों को याद करने के रूप में मनाए जाने वाले पुलिस स्मृति दिवस को आज देहरादून में भी आयोजित किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम में पुलिस विभाग के भी सभी बड़े अधिकारी मौजूद रहे. खास बात यह है कि मुख्यमंत्री ने जहां एक तरफ शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में अपनी बात कार्यक्रम के दौरान रखी. वहीं पुलिस विभाग के तमाम जवानों के लिए भी उन्होंने विभिन्न घोषणाएं की. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद पुलिसकर्मियों के आश्रितों के लिए दो करोड़ रुपए के फंड को रिलीज करने और पुलिस के जवानों के लिए साल में एक बार सरकारी खर्च पर मेडिकल टेस्ट करवाने की भी घोषणा की.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस विभाग के 1800 खाली पदों को जल्द बनने की बात कही. साथ ही जवानों के लिए बनने वाले आवास के लिए भी 100 करोड़ रुपए की धनराशि दिए जाने की घोषणा की गई है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पुलिस के जवान दिन रात प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा में जुटे रहते हैं. साथ ही राज्य के पर्यटन में भी उनकी अहम भूमिका है. इस दौरान वह अपने कर्तव्य को निभाते हुए बलिदान भी दे देते थे. ऐसे में पुलिस के जवानों का हौसला बढ़ाया जाना बेहद जरूरी है
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद पुलिसकर्मियों में भी खास खुशी दिखाई दी. इस आयोजन के दौरान पुलिस के बड़े अधिकारियों ने भी शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी. पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि यह दिन राज्य और देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं से राज्य के पुलिसकर्मियों को बड़ी सौगात मिली है. खास तौर पर मेडिकल टेस्ट होने से पुलिस के जवानों को बड़ी राहत मिलेगी. पुलिस महानिदेशक ने कहा कि जल्द ही 1 हजार 800 सौ नई वैकेंसी भी निकल जाएगी और पुलिस को सशक्त और मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं.