12 साल के मासूम को निवाला बनाने वाले मगरमच्छ को बमुश्किल किया रेस्क्यू, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

रुड़की: हरिद्वार जिले के बुग्गावाला थाना क्षेत्र में 12 साल के मासूम को निवाला बनाने वाले मगरमच्छ का रेस्क्यू आखिरकार वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कर लिया है. मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है. लेकिन मासूम बच्चे की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

जानकारी के मुताबिक बुग्गावाला थाना क्षेत्र के बंजारेवाला गांव निवासी रामकुमार का (12 साल) बेटा राम रहीम स्टोन क्रशर के पास मौजूद था, इसी दौरान अचानक से एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया, जिसके बाद मगरमच्छ मासूम बच्चे को खींच कर ले गया, वहीं इस खौफनाक मंजर को देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया था, हादसे की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई थी, सूचना मिलने के बाद तत्काल बुग्गावाला थाना प्रभारी निरीक्षक अंकुर शर्मा मय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बरामद किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया था.

उधर, घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी, जिसके बाद से ही वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को रेस्क्यू की तैयारी की, रेस्क्यू ऑपरेशन में वन विभाग की टीम को कई घंटों की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और मगरमच्छ को रेस्क्यू करने के बाद वन विभाग की टीम अपने साथ लेकर चली गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *