चुनावी साल में धामी सरकार का मास्टर स्ट्रोक! वन दरोगा भर्ती में किये बड़े बदलाव, जानिये डिटेल

देहरादून: उत्तराखंड में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक पार्टियां अपनी अपनी तैयारियों को धार देने की कवायद शुरू कर दी है. इसी क्रम में राज्य सरकार युवाओं को जोड़ने की कोशिशें शुरू हो गई हैं. इस दिशा में धामी सरकार ने एक मास्टर स्ट्रोक निर्णय लिया है. जिसके तहत, उत्तराखंड सरकार ने वन दरोगा भर्ती के नियमों में बड़ा बदलाव कर दिया है. गुरुवार को हुई धामी मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान वन दरोगा भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता और उम्र आहर्ता संबंधित प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है.

उत्तराखंड में अभी तक वन दरोगा भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट थी. जिसे राज्य सरकार ने बढ़ाकर स्नातक कर दिया है. यानी अब ग्रेजुएशन कर चुके युवा ही वन दरोगा भर्ती के लिए आवेदन कर पाएंगे. इसके अलावा अभी तक आवेदन के लिए उम्र की आहर्ता, कम से कम 18 साल से अधिकतम 28 साल थी. जिसमें राज्य सरकार ने बड़ा बदलाव करते हुए उम्र की आहर्ता को 21 साल से अधिकतम 35 साल कर दिया है. ऐसे में अब 35 साल तक के युवा भी वन दरोगा भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगे. धामी कैबिनेट के इस फैसले को आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है. इस फैसले के जरिये धामी सरकार युवाओं को साधने की कोशिश कर रही है.

उत्तराखंड में वन दरोगा भर्ती के लिए समय-समय उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से विज्ञप्ति जारी की जाती है. इसी क्रम में पिछले साल भी वन दरोगा के 124 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था. धामी सरकार के इस निर्णय के बाद संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही बड़ी संख्या में वन दरोगा के पदों पर विज्ञप्ति जारी की जा सकती है. वन दरोगा भर्ती के लिए लिखित परीक्षा के साथ ही शारीरिक दक्षता परीक्षा भी कराई जाती है. इसके लिए लिखित परीक्षा पास करने के बाद युवाओं की सबसे पहले शारीरिक अर्हता परीक्षा कराई जाती है.वन दरोगा का वेतनमान 29,200 से 92,300 रुपए (लेवल-05) होता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *