मसूरी: पर्यटन सीजन के बीच मसूरी में रविवार को लोगों को जाम से राहत नहीं मिल सकी. शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई नजर आई और प्रशासन के तमाम दावे धरातल पर फेल होते दिखाई दिए. रात करीब नौ बजे मसूरी-देहरादून मार्ग पर लाइब्रेरी बस स्टैंड के नीचे सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण लंबा जाम लग गया, जिससे रोडवेज बस समेत कई वाहन घंटों फंसे रहे. वहीं नैनीताल में पर्यटन सीजन में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की भीड़ और बिगड़ती यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए प्रशासन ने एसएसबी की तैनाती कर दी है.
गौर हो कि मसूरी में स्थिति इतनी खराब हो गई कि दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन एक ओर सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खुलेआम वाहन खड़े किए जा रहे हैं और कोई रोक-टोक नहीं दिखाई दे रही. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां बाहरी राज्यों, खासकर हरियाणा नंबर की थी. लोगों का आरोप है कि इन वाहनों को घंटों सड़क किनारे खड़ा रहने दिया जाता है, जिससे हर दिन जाम की स्थिति पैदा होती है. लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह अवैध पार्किंग कैसे हो रही है.
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए. लोगों का आरोप है कि कुछ स्थानों पर कथित मिलीभगत और लापरवाही के कारण वाहन चालक बेखौफ होकर सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर देते हैं. उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं की गई तो पर्यटन सीजन में हालात और बिगड़ सकते हैं. व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने कहा कि लगातार लग रहे जाम का सीधा असर मसूरी के पर्यटन कारोबार पर पड़ रहा है. पर्यटक घंटों जाम में फंसकर परेशान हो रहे हैं, जिससे शहर की छवि खराब हो रही है. लोगों ने मांग की कि राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित की जाए और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
स्थानीय लोगों का कहना है कि मसूरी में हर साल पर्यटन सीजन के दौरान जाम की यही स्थिति बनती है, लेकिन प्रशासन केवल कागजी योजनाओं तक सीमित रहता है. उन्होंने मांग की कि ट्रैफिक प्रबंधन के लिए स्थायी योजना बनाई जाए, ताकि लोगों और पर्यटकों को राहत मिल सके.
मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि सड़क किनारे अनादिकृत रूप से खड़े वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है. बीते देर रात लाइब्रेरी बस स्टैंड के नीचे खड़ी गाड़ियों के भी ऑनलाइन चालान किए गए, वहीं नशे की हालत में ड्राइवर द्वारा अपनी कार को सड़क किनारे पार्क किया गया था, जिस वजह से जाम लग रहा था. जिसके बाद चालक पर ड्रंक एंड ड्राइव के तहत कार्रवाई कर गाड़ी को सीज कर दिया गया है और यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
नैनीताल में एसएसबी की तैनाती: नैनीताल में यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए प्रशासन ने एसएसबी की तैनाती कर दी है. वीकेंड में भारी पर्यटक दबाव के चलते शहर और आसपास के क्षेत्रों में जाम की स्थिति बनने पर यह फैसला लिया गया है. एसएसपी मंजू नाथ टीसी ने बताया कि नैनीताल में एसएसबी की दो प्लाटून और भवाली क्षेत्र में एक प्लाटून तैनात की गई है.