धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले महेंद्र भट्ट, छात्र हित में लिया कठिन फैसला, विपक्ष कर रहा राजनीति

देहरादून: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का बयान आया है.उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा यह छात्र हित में लिया गया कठिन फैसला है. उन्होंने कहा मोदी सरकार जनभावनाओं का सम्मान करती है.

पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में युवाओं और छात्रों के आंदोलन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर तेज हो गया है. उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्र हित और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए एक कठिन निर्णय लिया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार हमेशा जनता की भावनाओं को सर्वोपरि मानकर निर्णय लेती है.

महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा शुरू से यह कहती रही है कि पेपर लीक मामले को लेकर चलाए गए आंदोलन में कई स्तरों पर छात्रों को गुमराह करने का प्रयास किया गया. उनका कहना था कि वास्तविक तथ्यों के बजाय भ्रम फैलाकर आंदोलन को आगे बढ़ाया गया. जिससे बड़ी संख्या में छात्र प्रभावित हुए. इसके बावजूद केंद्र सरकार ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया. छात्रों की भावनाओं का सम्मान करते हुए आवश्यक कदम उठाए.

उन्होंने कहा कि जब किसी विषय को सही तरीके से समाज के बीच रखने या लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में कमी रह जाती है, तब इस तरह के दुष्परिणाम सामने आते हैं. महेंद्र भट्ट के अनुसार, सरकार की मंशा हमेशा युवाओं और छात्रों के हितों की रक्षा करना रही है, लेकिन कुछ लोगों ने इस मुद्दे को अलग दिशा देने का प्रयास किया. इसके बावजूद सरकार ने किसी प्रकार के टकराव का रास्ता अपनाने के बजाय जनभावनाओं को प्राथमिकता दी.

महेंद्र भट्ट ने कहा कि इस आंदोलन से केवल वे छात्र ही प्रभावित नहीं हुए जो सड़कों पर उतरे थे, बल्कि बड़ी संख्या में ऐसे छात्र भी थे जो अपने घरों में रहकर पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थे. उन्होंने कहा उन छात्रों तक भी सरकार की संवेदनशीलता और जवाबदेही का संदेश पहुंचाना आवश्यक था. धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के माध्यम से यह संदेश गया है कि सरकार छात्रों की भावनाओं को गंभीरता से लेती है. आवश्यकता पड़ने पर कठिन निर्णय लेने से भी पीछे नहीं हटती.

महेंद्र भट्ट ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की कार्यशैली हमेशा जवाबदेही और संवेदनशीलता पर आधारित रही है. सरकार किसी भी मुद्दे पर जनभावनाओं की अनदेखी नहीं करती. यदि किसी विषय पर व्यापक असंतोष दिखाई देता है तो उसका समाधान निकालने का प्रयास करती है. उन्होंने कहा यही कारण है कि सरकार ने इस मामले में भी छात्र हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी.

महेंद्र भट्ट ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दलों ने इस पूरे मामले में युवाओं और छात्रों के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास किया. उनके अनुसार, पेपर लीक जैसे संवेदनशील विषय को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश की गई. जिससे छात्रों में असमंजस की स्थिति पैदा हुई. उन्होंने कहा भाजपा लगातार यह बात कहती रही है कि छात्रों को गुमराह करने का प्रयास हो रहा है. आज भी पार्टी अपने इसी रुख पर कायम है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *