चारधाम यात्रा: खराब मौसम में भी हेली सेवाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग पर जोर, अलर्ट पर श्रद्धालुओं से अपील

देहरादून: उत्तराखंड में 12 और 13 मई को भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है. जिसको देखते हुए शासन प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है. खास बात ये है कि वर्तमान समय में उत्तराखंड चारधाम की यात्रा चल रही है. जिसके तहत गढ़वाल आयुक्त की ओर से चारधाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वह मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए यात्रा के लिए रवाना हों. ताकि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े. वहीं दूसरी ओर बाबा केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं का संचालन भी हो रहा है, जिसको देखते हुए नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण की ओर से हेली सेवाओं के रियल टाइम मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और हेली सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) का इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर (आईसीसीसीसी) लगातार सक्रिय है. देहरादून स्थित सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट में स्थापित ये आधुनिक नियंत्रण केंद्र खराब मौसम की परिस्थितियों में भी हेली सेवाओं की हर गतिविधि पर निगरानी कर रहा है. आईसीसीसीसी में तैनात नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए), भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और यूकाडा की छह सदस्यीय टीम एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के साथ समन्वय स्थापित कर हेली संचालन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने में जुटी है.

केंद्र से हेली रूट, ट्रैकिंग डिवाइस और प्रत्येक हेली ट्रिप एवं शटल सेवा की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है. सभी हेली रूटों पर स्थापित पीटीजेड कैमरों के माध्यम से हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग और टेकऑफ पर लगातार नजर रखी जा रही है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई संभव हो सके. आईसीसीसीसी से पूरी हेली यात्रा व्यवस्था को नियंत्रित और मॉनिटर किया जा रहा है. यूकाडा से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल से अभी तक 21 हजार से अधिक श्रद्धालु हेलीकॉप्टर सेवा के जरिए चारधाम यात्रा कर चुके हैं. फाटा, गुप्तकाशी और सिरसी से संचालित शटल सेवाओं के जरिए 17 हजार 976 यात्रियों को दर्शन कराए गए हैं, जबकि 10 मई तक चार्टर्ड सेवाओं के माध्यम से 3 हजार 974 श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं.

यूकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चारधाम हेली यात्रा को आधुनिक तकनीक के जरिए अधिक सुरक्षित, सरल और सुव्यवस्थित बनाया जा रहा है. डीजीसीए के निर्देशों के अनुसार, सहस्त्रधारा और सिरसी में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं, जहां डीजीसीए और आईएमडी के अधिकारी तैनात हैं. हर हेली उड़ान की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के साथ समन्वय बनाकर हर शटल सेवा को मंजूरी दी जा रही है. खराब मौसम, विजिबिलिटी और सुरक्षा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सभी हेली सेवाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.
-आशीष चौहान, सीईओ, यूकाडा-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *