देहरादून: राजधानी देहरादून में पुलिस की बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने हाई प्रोफाइल ड्रग्स के साथ कोबरा गैंग के दो शातिर विदेशी पैडलरों समेत तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है. तीनों आरोपियों को दो अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया है, ये कार्रवाई देहरादून के राजपुर थाना पुलिस ने की है. आरोपियों के कब्जे से पुलिस को करीब 20.92 ग्राम की कोकिन बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब बीस लाख रुपए बताई जा रही है.
पुलिस का कहना है कि आरोपी कोकीन को दिल्ली से तस्करी कर देहरादून लाये थे. पुलिस इस पहले भी भी कोबरा गैंग के 9 विदेशी तस्करों समेत 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. इस तरह पुलिस ने तब 200 ग्राम कोकीन बरामद की थी, जिसकी करीब 2.5 करोड़ रुपए थी. देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया.
हाई प्रोफाइल पार्टियों में करनी थी कोकीन की सप्लाई: देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि राजपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस चेकिंग कर रही थी, तभी पुलिस की मुखीबर से कोबरा गैंग के बारे में कुछ अहम जानकारी मिली. पुलिस को पता चला कि कोबरा गैंग से जुडे ड्रग पैडलर हाई प्रोफाइल पार्टियों में कोकिन की सप्लाई करने के लिए राजपुर क्षेत्र में आये हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के अंतर्गत अलग-अलग स्थानों पर चैकिंग अभियान चलाया गया.
मुखबीर सूचना पर किया गिरफ्तार: अभियान के दौरान पुलिस टीम ने जोहड़ी रोड पर पुरानी मजार के पास से स्कूटी पर सवार दो विदेशी पैडलरों MICHAEL IKKA MECKSON निवासी सूडान और LEVIKIRI WANIKI को 9.15 ग्राम और सीआईएसएफ तिराहा ओल्ड मसूरी रोड के पास स्विफ्ट डिजायर कार से एक आरोपी जावेद आलम को 11.77 ग्राम कोकिन के साथ गिरफ्तार किया गया. थाना राजपुर में पुलिस ने दो अलग-अलग मुकदमें दर्ज किए.