नंदा देवी महोत्सव के तहत नगर के एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज के मैदान में चल रहे कार्यक्रमों के बीच बुधवार देर शाम एक हादसा हो गया. मैदान में लगे झूलों में से एक ट्राली टूट कर जमीन पर जा गिरी. जिसमें बैठे दो लोगों को गंभीर रूप से घायल हो गए. झूला टूटने की घटना के बाद वह मेले में अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया. तुरंत लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद युवक को हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। वहीं महिला को उपचार के बाद घर भेज दिया गया.
इस दौरान मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नंदा देवी मेले में बुधवार को देर रात तक झूलों का संचालन जारी था. मेले का अंतिम दिन होने के कारण भीड़ भी बहुत ज्यादा थी. डोला उठने के बाद अधिकतर भीड़ झूले का आनंद लेने और खरीदारी के लिए एडम्स मैदान की ओर मुड़ गई. वहां पर देर रात्रि तक झूलों का संचालन हो रहा था. इस दौरान अचानक वहां पर एक झूले का एक ट्राली जिसमें दो लोग बैठे थे टूट कर जमीन पर आ गिरी.
इसमें खोल्टा निवासी मोहित परिहार पुत्र चंदन परिहार ओर लोअर मॉल रोड निवासी दीपा आर्या पत्नी किशन राम घायल हो गए. इस दौरान दोनों को गंभीर चोटें आ गई. इसमें मोहित परिहार के एक पैर में दो जगह फ्रैक्चर आये हैं. वहीं दूसरा पैर डिसलोकेट हो गया है. गनीमत रही कि झूले का एक हिस्सा उस वक्त टूटा जब वह जमीन के नजदीक था वरना और बड़ा हादसा हो सकता था. हादसे में घायल मोहित परिहार को रात में ही जिला अस्पताल से हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है. उसका हल्द्वानी के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.