मसूरी छात्रसंघ चुनाव में ABVP को झटका, नॉमिनेशन के पहले ही दिन 3 नामांकन पत्र निरस्त

एमपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के पहले ही दिन चुनावी माहौल गरमा गया. नामांकन पत्रों की प्रारंभिक जांच में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के तीन प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों में खामियां मिलीं. जिसके बाद नामाकंन पत्र को निरस्त करने की मांग को लेकर एनएसयूआई समेत अन्य छात्र नेताओं ने कॉलेज परिसर और गेट पर जमकर हंगामा किया.

मसूरी एमपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में नामांकन के पहले ही दिन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) को बड़ा झटका लगा है. नामांकन पत्रों की प्रारंभिक जांच में एबीवीपी की ओर से उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर दाखिल किए गए तीन नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए. इनमें उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी की उम्र निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई, जबकि सचिव और कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के दस्तावेजों में भी नियमों

चुनाव अधिकारियों के अनुसार, उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी की उम्र 22 वर्ष चार माह पाई गई, जबकि लिंगदोह सिफारिशों के तहत निर्धारित अधिकतम उम्र 22 वर्ष है. वहीं, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के दो अन्य प्रत्याशियों के परिणाम घोषित नहीं होने और क्रेडिट बेस्ड सिस्टम की निर्धारित शर्तें पूरी नहीं होने के कारण उनके नामांकन भी प्रारंभिक जांच में निरस्त कर दिए गए.

इन तीन नामांकन के खारिज होने के बाद फिलहाल उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर एक-एक प्रत्याशी के ही मैदान में रहने की स्थिति बन गई है. हालांकि अंतिम निर्णय नामांकन पत्रों की पूरी जांच और अंतिम सूची जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा.

अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला: एमपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किया है. इनमें मसूरी छात्र संगठन से मनन, एनएसयूआई से विकास सिंह और एबीवीपी से वेदांत थपलियाल शामिल है. सचिव पद पर अंकित रौतेला, रिया, प्रियांशु और आशुतोष जोशी ने नामांकन दाखिल किया है. उपाध्यक्ष पद पर गौरव सिंह गुसाईं, सहसचिव पद पर ईशा और कोषाध्यक्ष पद पर सलोनी ने नामांकन किया है. विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए करिश्मा डुमोगा और संध्या ने नामांकन दाखिल किया.

नामांकन के दौरान हल्की नोकझोंक: नामांकन प्रक्रिया के दौरान कॉलेज परिसर में दो छात्र गुटों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई. लेकिन कॉलेज प्रशासन ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया. चुनाव अधिकारी अमिताभ भट्ट और प्राचार्य डॉ. सुनील पंवार ने बताया कि, चुनाव प्रक्रिया में लिंगदोह सिफारिशों का हर हाल में पालन कराया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में तीन नामांकन पत्रों में खामियां मिलने पर उन्हें तत्काल निरस्त किया गया है. 25 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच के बाद अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी. इसके बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी.

29 सितंबर को मतदान, आईडी के बिना प्रवेश नहीं: चुनाव अधिकारी ने बताया कि, 29 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक मतदान कराया जाएगा. मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू होगी. कॉलेज परिसर में बिना वैध आईडी कार्ड किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा और केवल आईडी कार्ड के आधार पर ही मतदान की अनुमति होगी. चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है. कॉलेज परिसर में बाहरी या प्रभावशाली व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी. मसूरी पुलिस की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. पूरी चुनाव प्रक्रिया एसडीएम मसूरी और कॉलेज प्रशासक के निर्देशन में कराई जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *