बारिश में टूटी मसूरी की लाइफलाइन, मंत्री सतपाल महाराज ने संभाली कमान, घटिया निर्माण पर सख्त चेतावनी

मसूरी: लगातार बारिश से प्रभावित मसूरी-देहरादून मार्ग की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री सतपाल महाराज शुक्रवार को खुद मौके पर पहुंचे. इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने क्षतिग्रस्त हिस्सों का निरीक्षण किया.

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का अधिकारियों को निर्देश: निरीक्षण के बाद कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क का पुनर्निर्माण केवल तेजी से ही नहीं, बल्कि तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया जाए. उन्होंने दो टूक कहा कि निर्माण में लापरवाही या घटिया गुणवत्ता सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.

जेसीबी मशीने मौके पर तैनात: मंत्री ने कहा कि बारिश के चलते मसूरी क्षेत्र में कई स्थानों पर भूस्खलन और सड़क क्षति की घटनाएं हुई हैं. ऐसे संवेदनशील इलाकों में विभाग ने जेसीबी मशीने पहले से तैनात कर दी हैं, ताकि मलबा गिरने की स्थिति में मार्ग को जल्द से जल्द खोला जा सके और यातायात सामान्य बना रहे.

सुरक्षा पुश्तों का निर्माण भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए: उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त सड़क के साथ ही सुरक्षा पुश्तों का निर्माण भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि भविष्य में भूस्खलन से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके. उनका कहना था कि बरसात के मौसम में यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मसूरी-देहरादून मार्ग बार-बार बाधित हो रहा है. इससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों और कारोबारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में मंत्री के निरीक्षण को सड़क को सुरक्षित और टिकाऊ बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता राजेश चंद्र शर्मा, एससी ओपी सिंह, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, प्रदीप शाही समेत लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *