ढिकाला जोन में लागू हुआ करंट बुकिंग सिस्टम, नाइट स्टे का आखिरी मौका, जानिये वजह

रामनगर: विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के ढिकाला पर्यटन जोन में रात्रि विश्राम करने का अब पर्यटकों के पास आखिरी मौका बचा है. मानसून सीजन को देखते हुए 15 जून के बाद कॉर्बेट के प्रमुख पर्यटन जोनों को लगभग पांच महीनों के लिए बंद कर दिया जाएगा. ऐसे में जून के शुरुआती दिनों में जंगल सफारी और नाइट स्टे को लेकर पर्यटकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कॉर्बेट प्रशासन ने हर बार की तरह इस बार भी ‘करंट बुकिंग सिस्टम’ लागू किया है. जिसके तहत अब हर दो दिन में आगामी दो दिनों के लिए ही ऑनलाइन बुकिंग खोली जाएगी.

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर के पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र माना जाता है. खासकर ढिकाला जोन अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विशाल घास के मैदानों, रामगंगा नदी और वन्यजीवों की मौजूदगी के लिए बेहद प्रसिद्ध है. हर साल मानसून सीजन शुरू होने से पहले यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. जिससे जंगल के बीच रात्रि विश्राम और सफारी का अनुभव ले सकें, लेकिन अब पर्यटकों के पास यह मौका केवल 15 जून तक ही रहेगा. इसके बाद मानसून के चलते ढिकाला समेत कॉर्बेट के कई पर्यटन जोनों को बंद कर दिया जाएगा. मानसून के दौरान जंगल के भीतर बहने वाले नाले और बरसाती नाले अचानक उफान पर आ जाते हैं. जिससे पर्यटकों की सुरक्षा को खतरा बढ़ जाता है. इसी वजह से हर साल मानसून सीजन में पार्क के कई हिस्सों में पर्यटन गतिविधियां रोक दी जाती हैं.

कॉर्बेट प्रशासन ने इस बार जून माह की बुकिंग प्रक्रिया में भी बदलाव किया है. सामान्य तौर पर प्रत्येक रविवार सुबह 10 बजे आगामी 45 दिनों के लिए ऑनलाइन बुकिंग खोली जाती है. इस बार मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए ‘करंट बुकिंग सिस्टम’ लागू किया गया है. इसके तहत 1 जून से 15 जून तक की बुकिंग केवल 48 घंटे पहले ही कराई जा सकेगी. यानी हर दो दिन में आगामी दो दिनों के लिए ऑनलाइन बुकिंग खोली जाएगी. कॉर्बेट प्रशासन का कहना है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए ही पर्यटकों को प्रवेश दिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *