दूरस्थ तड़म गांव पहुंचे डीएम अंशुल सिंह, पीड़ित परिवार को दिया मदद का भरोसा

रामनगर: कॉर्बेट पार्क से सटे अल्मोड़ा जिले के सल्ट विकासखंड के दूरस्थ तड़म गांव में मानव-वन्यजीव संघर्ष में ग्रामीण महिपाल सिंह की मौत के बाद जिलाधिकारी अंशुल सिंह खुद गांव पहुंचे. दुर्गम पैदल रास्तों से होकर पहुंचे जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. इस दौरान उन्होंने गांव की समस्याएं भी सुनी और अधिकारियों को निर्देशित किया.

सल्ट विकासखंड के बोरडा तोक स्थित तड़म गांव में हाल ही में मानव-वन्यजीव संघर्ष में ग्रामीण महिपाल सिंह की दर्दनाक मौत हो गई थी. घटना के बाद जिलाधिकारी अंशुल सिंह स्वयं गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार के साथ संवेदनाएं व्यक्त की. उन्होंने परिवार की महिलाओं और बच्चों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कहा कि प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है.परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने एक बेटी को तहसील कार्यालय सल्ट में अस्थायी रूप से डाटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में तैनात करने के निर्देश दिए. वहीं दूसरी बेटी को शिक्षक स्वयं सेवक के रूप में अस्थायी नियोजन देने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया.

गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को क्षेत्र में बढ़ते वन्यजीव खतरे, सड़क और आवागमन की दिक्कतों, पेयजल संकट और मूलभूत सुविधाओं की कमी से अवगत कराया. इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग रानीखेत के अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए. साथ ही पूरे गांव में चेन लिंक फेंसिंग कराने के निर्देश दिए ताकि ग्रामीणों को जंगली जानवरों से सुरक्षा मिल सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *