रुद्रपुर: सिडकुल ढाल स्थित अटरिया मंदिर क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब स्थानीय लोगों ने एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी. शव मिलने की खबर आसपास के इलाके में तेजी से फैल गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. वहीं दूसरी ओर ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक किशोर की आत्महत्या का मामला सामने आया है.
गौर हो कि अटरिया मंदिर क्षेत्र में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की. शुरुआती जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर ऐसा कोई दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
चौकी प्रभारी सुरेंद्र बिष्ट ने बताया कि फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस आसपास के लोगों और स्थानीय दुकानदारों से पूछताछ कर रही है ताकि मृतक के बारे में कोई जानकारी मिल सके. उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. यह भी जांच की जा रही है कि व्यक्ति की मौत स्वाभाविक परिस्थितियों में हुई है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है.