रामनगर वन प्रभाग के अपर कोसी में रह रहे परिवारों को वन विभाग ने हटाया, टाइगर मूवमेंट वाली जगह पर रहे थे सभी

रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर वन प्रभाग ने टाइगर मूवमेंट वाले संवेदनशील क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है. अपर कोसी बीट के भावनीगंज इलाके में टेंट लगाकर रह रहे करीब 10 से 12 परिवारों को हटाया गया है जो वन भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किए हुए थे. जानकारी के मुताबिक, ये सभी परिवार मैदानी क्षेत्रों से आकर भावनीगंज इलाके में कुछ दिनों से रहने लगे थे और यहां टेंट लगाकर रहने के साथ-साथ व्यापार करने की कोशिश कर रहे थे.

लेकिन जिस जगह पर ये लोग रह रहे थे, वह वन विभाग की संरक्षित भूमि है और सबसे बड़ी बात ये कि यह इलाका टाइगर मूवमेंट के लिए जाना जाता है. ऐसे में इन परिवारों का यहां रहना न सिर्फ अवैध था बल्कि उनके लिए जानलेवा भी साबित हो सकता था. वन विभाग को जैसे ही इस अतिक्रमण की सूचना मिली तुरंत टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की गई. जानकारी देते हुए रेंज अधिकारी शेखर तिवारी ने बताया हमें सूचना मिली थी कि 10 से 15 परिवारों ने अपर कोसी क्षेत्र में अवैध तरीके से टेंट लगाकर अतिक्रमण कर लिया है, जिस पर बीते दिन टीम भेजकर सभी को वहां से हटा दिया गया है.

वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी टेंट हटवाए और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए. अधिकारियों ने साफ किया कि वन भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, खासकर ऐसे संवेदनशील इलाकों में जहां वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बनी रहती है. इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर साफ हो गया है कि वन विभाग अब अतिक्रमण को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है. साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि अगर भविष्य में कोई भी व्यक्ति वन भूमि पर कब्जा करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल सभी परिवारों को वहां से हटा दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *