पौड़ी और टिहरी जिले में स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग शिविर शुरू, हफ्ते में दो दिन लगेगा कैंप

देहरादून: उत्तराखंड में महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर करने की दिशा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है. जिसके तहत पौड़ी और टिहरी जिलों में स्तन कैंसर की समय रहते पहचान के लिए आधुनिक तकनीक डिवाइस के जरिए हफ्ते में दो बार स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया जाएगा. ताकि, प्रदेश की महिलाओं में बढ़ते स्तन कैंसर के मामलों की शुरुआती पहचान कर समय पर उनका उपचार किया जा सके.

आधुनिक तकनीक डिवाइस से होगी स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान: एनएचएम के सहायक निदेशक डॉ. फीदुज्जफर ने बताया कि आधुनिक तकनीक डिवाइस के माध्यम से स्क्रीनिंग से स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान संभव होगी. विभाग की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा महिलाओं तक ये सुविधा पहुंचे और समय रहते उनका उपचार सुनिश्चित किया जा सके.

एनएचएम की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, पौड़ी जिले में दो आधुनिक तकनीक डिवाइस जिला चिकित्सालय में और एक उप जिला चिकित्सालय में स्थापित किए गए हैं. वहीं, टिहरी जिले में एक डिवाइस जिला चिकित्सालय में लगाया गया है. इन डिवाइसों के जरिए अत्याधुनिक तकनीक से स्तन कैंसर की प्रारंभिक जांच की जा सकेगी, जिससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं को भी लाभ मिलेगा.

हफ्ते में दो बार लगेगा स्क्रीनिंग शिविर: सभी एनसीडी (नॉन कम्युनिकेबल डिजीज) क्लीनिकों में कैंप मोड में हफ्ते में दो बार स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे. ये शिविर हर मंगलवार और शुक्रवार को लगाए जाएंगे. हालांकि, इस हफ्ते शुक्रवार को अवकाश होने के चलते पहला शिविर शनिवार को आयोजित किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *