रुद्रपुर भूरारानी में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पड़ताल में जुटी पुलिस

रुद्रपुर: शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित भूरारानी इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. युवक अपने किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुट गई है.

भूरारानी निवासी 24 वर्षीय युवक किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहता था. बताया जा रहा है कि युवक की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और उसका एक साल का छोटा बच्चा भी है. वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. घटना वाले दिन युवक अचानक घर के दूसरे कमरे में चला गया. कुछ समय तक जब वह बाहर नहीं आया तो उसकी पत्नी को चिंता हुई. पत्नी ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. कई बार आवाज लगाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो परिवार को अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद परिजनों ने किसी तरह दूसरे कमरे से झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए. युवक फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया.

यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई. शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए.परिजन तुरंत युवक को नीचे उतारकर आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में मातम पसर गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. उपनिरीक्षक जीवन सिंह अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. साथ ही पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके. इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिवार में गहरा शोक व्याप्त है. आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और परिवार को ढांढस बंधाने का प्रयास कर रहे हैं.

जीवन सिंह अधिकारी उप निरीक्षक ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंच गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, घटना की जांच की जा रही है.

रुद्रपुर में नाबालिग लापता: रुद्रपुर में 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है. परिजनों की तहरीर के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *