बोर्ड परीक्षा में मोटर मैकेनिक के बेटे ने गाड़ा सफलता का झंडा, इंटर में हासिल किया दूसरा स्थान

ऋषिकेश: आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में सफलता का परचम लहराया है. विद्यालय के कुल 11 छात्र-छात्राओं ने राज्य की वरीयता सूची में अपनी जगह पक्की कर संस्थान का मान बढ़ाया है.

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश के कई छात्रों ने किया कमाल: इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में विद्यालय के छात्र आर्यन ने पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उत्कृष्टता को साबित किया. इनके साथ ही तीन अन्य छात्र-छात्राओं ने भी मेरिट में अपनी जगह बनाई है, जिसमे ​गौरव ने 17वीं, हिमांशु गुप्ता ने 23वीं रैंक और अन्वेषिका 25वीं रैंक हासिल की है.

हाईस्कूल परीक्षा में भी विद्यालय का दबदबा बरकरार: वहीं हाईस्कूल परीक्षा में भी विद्यालय का दबदबा बरकरार रहा. सात छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तरीय मेरिट सूची में गौरवपूर्ण स्थान प्राप्त किया है. सक्षम ने 13वीं, अक्षिता गैरोला ने 16वीं, ​अर्णव बसलियाल ने 17वीं, निखिल रतूड़ी 20वीं,​ अभिषेक राणा ने 21वीं, ​शिवानी सेमवाल ने 24वीं और ​सांची चोपड़ा ने 25वीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया है.

बेटे की सफलता पर माता-पिता ने जताई खुशी: उत्तराखंड बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश में दूसरा स्थान पाने वाले आर्यन के पिता मनोज एक मोटर मैकेनिक हैं. वहीं उनकी माता विनीता ग्रहणी हैं. बेटे की सफलता को देखकर माता पिता का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है. अपने बेटे इस सफलता को हासिल करने के बाद लोगों को मिठाई खिलाकर खुशियां मना रहे हैं. स्कूल प्रबंधन भी आर्यन की इस सफलता पर काफी खुश है.

बता दें कि ऋषिकेश के आर्यन ने जहां उत्तराखंड बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है, तो वहीं रुद्रपुर की सुशीला मेहंदीरत्ता ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *