चारधाम यात्रा में पहले ही दिन श्रद्धालुओं का आंकड़ा 10 हजार पार, जानें गंगोत्री और यमुनोत्री धाम पहुंचे कितने तीर्थयात्री

उत्तरकाशी: रविवार 19 अप्रैल से उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा शुरू हो चुकी है. मां गंगा की डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा से गंगोत्री और मां यमुना की डोली खरसाली से अपने धाम यमुनोत्री पहुंची. इसके साथ ही गंगोत्री यमुनोत्री में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया है.

चारधाम यात्रा शुरू, श्रद्धालुओं में दिख रहा उत्साह: रविवार को शुरू हुई श्री यमुनोत्री एवं श्री गंगोत्री धाम यात्रा के पहले दिन दोनों धामों में बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए. यात्रा के पहले दिन का यह आंकड़ा श्रद्धालुओं के उत्साह, श्रद्धा और धामों में की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं को दर्शाता है.

पहले दिन इतने श्रद्धालुओं ने किया दर्शन: उत्तरकाशी जहां ये दोनों धाम स्थित हैं वहां के जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि रविवार को पहले दिन यमुनोत्री धाम में 8,200 और गंगोत्री धाम में 1,600 श्रद्धालुओं ने दर्शन का लाभ उठाया. दोनों धामों में पहले दिन संयुक्त रूप से कुल 9,800 तीर्थयात्री पहुंचे. इन तीर्थयात्रियों में 5,503 पुरुष, 4033 महिलाएं और 264 बच्चे शामिल रहे.

​गंगोत्री-यमुनोत्री में इतने स्थानीय श्रद्धालुओं ने किए दर्शन: मुख्य तीर्थयात्रियों के अलावा स्थानीय श्रद्धालुओं और देव डोलियों की भी धामों में सक्रिय भागीदारी रही. श्री गंगोत्री धाम में 1,450 और श्री यमुनोत्री धाम में 1,350 स्थानीय श्रद्धालुओं व देव डोलियों ने दर्शन किए.

अब बदरी-केदार के कपाट खुलने का इंतजार: अब श्रद्धालुओं को केदारनाथ और बदरीनाथ धामों के कपाट खुलने का इंतजार है. केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलेंगे. उसके अगले दिन यानी 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट भी खुल जाएंगे. उसके बाद उत्तराखंड की चारधाम यात्रा पूरी तरह शुरू हो जाएगी. केदारनाथ धाम उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित है. बदरीनाथ धाम उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित है.

माइनस टेंपरेचर का अनुभव कर रहे श्रद्धालु: गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम शुरू हो गयी है, लेकिन इस बार यात्रा की शुरुआत में श्रद्धालुओं को मौसम का अलग ही अनुभव प्राप्त हो रहा है. गंगोत्री धाम का तापमान आज माइनस में है. गंगोत्री का अधिकतम तापमान -1° सेल्सियस है तो न्यूनतम तापमान -12° सेल्सियस है.

ऐसा है चारधाम का तापमान: उधर यमुनोत्री धाम में भी कड़क ठंड है. यहां का अधिकतम तापमान 3° सेल्सियस है तो न्यूनतम तापमान -4° सेल्सियस है. केदारनाथ तो सबसे ठंडा बना हुआ है. यहां का अधिकतम तापमान -2° सेल्सियस है तो न्यूनतम तापमान भी -10° सेल्सियस है. बदरीनाथ धाम में भी तापमान माइनस में है. यहां का अधिकतम तापमान 2° सेल्सियस है तो न्यूनतम तापमान -8° सेल्सियस है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *