रुड़की: हरिद्वार जिले की पिरान कलियर थाना पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए 14 साल की नाबालिग लड़की को कर्नाटक के बैंगलोर से सकुशल बरामद कर लिया है. इतना ही नहीं पुलिस ने कपड़े दिलाने के बहाने बच्ची को रुड़की से अपने साथ ले जानी वाली आरोपी महिला को भी गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला ने बच्ची को बहला-फुसलाकर दिल्ली होते हुए कर्नाटक पहुंचा दिया था. आरोपी महिला उस बच्ची से भीख मंगवाने के साथ गलत काम करवाना चाहती थी, लेकिन पुलिस ने योजना फेल कर दिया.
कपड़े खरीदवाने के बहाने अपने साथ ले गई थी महिला: दरअसल, बीती 10 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के लखनऊ की मुस्लिम नगर बक्सी का तालाब हाल निवासी मुकर्बपुर निवासी एक महिला ने पिरान कलियर पुलिस को एक लिखित सूचना दी थी. जिसमें महिला ने बताया कि बीती 9 अप्रैल को उसकी 14 साल नाबालिग बेटी को पड़ोस में रहने वाली एक महिला अपने साथ कपड़े खरीदवाने के बहाने बहला फुसलाकर कहीं ले गई है, जो अभी तक घर वापस नहीं आई है.
पुलिस ने इस तहरीर के आधार पर मामले में संबंधित धाराओं में उत्तर प्रदेश के फरुर्खाबाद के याकूबगंज निवासी एक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और छानबीन शुरू की. बताया जा रहा है कि पीड़िता की मां को उसके पिता ने छोड़ दिया था. वो अक्सर बीमार रहती हैं. कुछ काम धंधा न कर पाने के कारण कलियर क्षेत्र मे भीख मांग कर अपने बच्चों को पालती है. जो परिवार समेत किराए पर रहती है, जो अत्यंत गरीब व लाचार हैं.
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना के खुलासे के लिए हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने अहम निर्देश दिए. जिस पर पुलिस टीम गठित की गई. जिसके तहत कलियर/रुड़की क्षेत्र के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को बारीकी से खंगाला गया. इसी बीच महिला ने अपनी बेटी और संदिग्ध महिला का मोबाइल नंबर दिया. जिसके बाद पुलिस की टीम ने मोबाइल नंबरों की लोकशन ट्रेस की. जिसके तहत संदिग्ध महिला का लोकेशन बैंगलोर (कर्नाटक) में ट्रेस हुआ.
कर्नाटक के बैंगलौर में महिला के साथ मिली बच्ची: इसके बाद पुलिस की टीम 16 अप्रैल को कर्नाटक के उस लोकेशन पर पहुंची. जहां पर संदिग्ध महिला और बच्ची मौजूद थी. जिस पर महिला को पकड़ लिया गया और बच्ची को सकुशल बरामद किया गया. पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वो कलियर में किराए के मकान में रहती है. उसके पड़ोस में महिला अपने बच्चों के साथ किराए पर रहती है और उसका उनके घर आना जाना है.
बच्ची को भीख मंगवाने और गलत धंधे में धकेलना चाहती थी महिला: बीती 9 अप्रैल को वो नाबालिग लड़की को कपड़े दिलाने के बहाने बहला फुसलाकर रुड़की ले गई. जहां से बस में बैठकर सहारनपुर गई. उसने नाबालिग लड़की के पास जो फोन था, उसे स्विच ऑफ करवा दिया और घर फोन करने से मना कर दिया. सहारनपुर से लड़की को बहकावे में लेकर ट्रेन से दिल्ली जाकर कर्नाटक एक्सप्रेस में बैठकर बैंगलोर अपने घर ले गई. महिला का मकसद बच्ची से भीख मंगवाना और गलत काम कराना था, लेकिन पुलिस ने समय रहते बचा लिया.