36 लाख की स्मैक के साथ बनभूलपुरा की महिला नशा तस्कर गिरफ्तार, पुलिस नेटवर्क खंगालने में जुटी

हल्द्वानी: उत्तराखंड पुलिस इन दिनों नशा तस्करों की कमर तोड़ने में लगी हुई है. उत्तराखंड पुलिस ने बीते लंबे समय से अवैध नशे के खिलाफ अभियान चला रखा है, जिसमें पुलिस को काफी कामयाबी भी मिल रही है. नया मामला नैनीताल जिला मुख्यालय हल्द्वानी से सामने आया है, जहां से पुलिस ने एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है.

पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला के पास से करीब 132 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 36 रुपए आंकी गई है. पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है. आरोपी महिला के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज है.

सीओ सीटी अमित कुमार सैनी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीती 27 मार्च को हल्द्वानी कोतवाली पुलिस टीम एफटीआई गेट के पास सघन चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान एक महिला संदिग्ध हालत में दिखाई दी, जिसे रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान उसके पास से 132 ग्राम स्मैक बरामद हुई. बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 36 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है.

गिरफ्तार महिला की पहचान जोया खान निवासी गौजाजाली बनभूलपुरा के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं.

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके पूरे नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है. वहीं इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को एसएसपी नैनीताल ने 2000 रुपये का नकद इनाम भी दिया गया है.

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि जनपद में इस साल के पहले तीन महीनों में ही 18 तस्करों को गिरफ्तार कर 2 करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक की स्मैक बरामद की जा चुकी है. एसएसपी ने साफ कहा है कि जिले में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और तस्करों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *