देहरादून में बीजेपी ऑफिस का विस्तार, हवन पूजन से हुआ शुभारंभ, महेंद्र भट्ट ने किया बड़ा दावा

देहरादून: उत्तराखंड भाजपा ने कार्यालय विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए नए परिसर में हवन पूजन के साथ कार्यों की शुरुआत की. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि पार्टी 2027 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जीत की हैट्रिक लगाएगी. महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा पार्टी की सभी गतिविधियां प्रदेश कार्यालय से संचालित होती हैं. 2027 के चुनाव को देखते हुए विस्तारित परिसर बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा.

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा वर्तमान परिसर पहले से ही पार्टी के लिए शुभ रहा है. अब इससे जुड़े नए परिसर के व्यवस्थित होने से संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि इसी कार्यालय से भाजपा जीत की परंपरा को आगे बढ़ाएगी. 2027 में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी.

महेंद्र भट्ट ने कहा भाजपा संगठन में कार्यालय का विशेष महत्व होता है. यह कार्यकर्ताओं के लिए किसी मंदिर से कम नहीं है. उन्होंने बताया चुनावी दृष्टि से बूथ प्रबंधन, विधिक कार्य, प्रवास कार्यक्रम, चुनाव साहित्य, घोषणा पत्र, प्रचार सामग्री, वाहन प्रबंधन और दैनिक मुद्दों के निर्धारण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यों के संचालन के लिए बड़े और व्यवस्थित परिसर की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी.इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए वर्तमान परिसर से जुड़े नए स्थान को तैयार किया गया है. यहां सनातन परंपरा के अनुसार हवन पूजन कर कार्यों की शुरुआत की गई.

महेंद्र भट्ट ने कहा यह कदम संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ चुनावी प्रबंधन को भी अधिक प्रभावी बनाएगा. कार्यक्रम में संगठन के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. इनमें अजेय कुमार, नरेश बंसल, खजान दास, सौरभ थपलियाल, सविता कपूर समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए. भाजपा के इस कदम को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. पार्टी संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ चुनावी रणनीति को धार देने में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *