देहरादून: राजधानी देहरादून में बीते 23 जून को पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में सहारनपुर रोड पर लाल पुल के पास भीषण सड़क हादसा हुआ थी. एक तेज रफ्तार बस ने कई लोगों को कुचल दिया था. इस मामले में अब मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं.
इस बस दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मौत और तीन अन्य के घायल होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए देहरादून जिलाधिकारी आशीष चौहान ने एसडीएम सदर देहरादून को जांच अधिकारी नामित किया गया है. साथ ही जिलाधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है.
जानकारी के अनुसार 23 जून 2026 की सुबह कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र में लालपुल के पास फुटपाथ पर बैठे पांच मजदूरों को सिटी बस ने कुचल दिया था. इससे सभी मजदूर बुरी तरह जख्मी हो गए थे. अस्पताल में इलाज के दौरान दो मजदूर 22 वर्षीय आहद और मानसिंह की मौत हो गई, जबकि अन्य की हालत भी गंभीर बनी हुई है. संबंधित वाहन नगर बस सार्वजनिक सेवायान की श्रेणी में संचालित है.
जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन और निष्पक्ष जांच करते हुए एक सप्ताह के भीतर अपनी आख्या प्रस्तुत करें. जांच के दौरान दुर्घटना के कारणों, वाहन में चालक सहित सवार यात्रियों की संख्या, मृतक और घायलों का वास्तविक डीटेल, घायलों की चिकित्सकीय स्थिति, मृतक के उत्तराधिकारियों का डीटेल, परिवहन विभाग की तकनीकी रिपोर्ट, वाहन के कर और मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अनुपालन और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझावों का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा.
जिलाधिकारी आशीष चौहान ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जाएगी, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाकर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को प्रभावी ढंग से रोका जा सके. घटना के संबंध में यदि किसी व्यक्ति को लिखित और मौखिक रूप में कोई साक्ष्य प्रस्तुत करने हैं अथवा कोई जानकारी देनी है तो वह एक सप्ताह के भीतर एसडीएम सदर के कार्यालय और न्यायालय में किसी भी कार्य दिवस में उपस्थित प्रस्तुत कर सकते हैं.