हल्द्वानी: विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस मेले को लेकर जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. 15 जून को होने वाले मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए 14 और 15 जून को विशेष शटल सेवा संचालित की जाएगी. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बसों, टैक्सी और पार्किंग व्यवस्था के साथ किराया भी निर्धारित कर दिया गया है.
15 जून को विश्व प्रसिद्ध नीम करौरी बाबा के कैंची धाम आश्रम में आयोजित होने वाले स्थापना दिवस मेले को लेकर प्रशासन और परिवहन विभाग पूरी तरह तैयार हैं. हर वर्ष की तरह इस बार भी देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के कैंची धाम पहुंचने की संभावना है. बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग ने विशेष यातायात योजना तैयार की है. आरटीओ प्रवर्तन अरविंद पांडे ने बताया कि श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए 14 और 15 जून को विशेष शटल सेवा संचालित की जाएगी.
हल्द्वानी, काठगोदाम, भीमताल, नैनीताल, भवाली और खैरना से कैंची धाम के लिए बसों और टैक्सी सेवाओं की व्यवस्था की गई है. मेले के दौरान दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाले यात्रियों के लिए 60 रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा, जो हल्द्वानी, काठगोदाम रेलवे स्टेशन और रोडवेज स्टेशन से कैंची धाम के लिए चलेंगी. इसके अलावा कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड की लगभग 150 बसें विभिन्न रूटों पर संचालित की जाएंगी. वहीं ग्राफिक एरा संस्थान की 30 बसों को भी भीमताल से कैंची धाम रूट पर लगाया जाएगा.