देहरादून: उत्तराखंड में क्षेत्रीय हवाई सेवाओं के लिए आज का दिन काफी खास रहा. ऐसा इसलिए क्योंकि राज्य में कनेक्टिविटी बढ़ाने से जुड़े विषयों पर ना केवल चर्चा की गई, बल्कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय भारत सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अफसरों ने देहरादून में पहुंचकर कई योजनाओं पर अपनी हामी भी भरी. जानिए किन मुद्दों पर चर्चा हुई और क्यों खास रहा भारत सरकार के इन अधिकारियों का देहरादून दौरा.
उत्तराखंड में क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में सोमवार का दिन अहम रहा. राज्य सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) और उत्तराखंड सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने राज्य में विमानन अवसंरचना के विस्तार, चारधाम हेली सेवाओं की सुरक्षा और संशोधित उड़ान (Modified UDAN) योजना के तहत भविष्य की परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की. बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी, जिससे राज्य के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों में हवाई संपर्क बढ़ाने की दिशा में नई संभावनाएं खुल गई हैं.
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर सिन्हा, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष विपिन कुमार, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के संयुक्त सचिव असांगबा चुबा, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री आरके सुधांशु, पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल और यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन समेत केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
उत्तराखंड में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को बढ़ाने के लिए किया जा रहा काम: बैठक में यूकाडा की ओर से राज्य में संचालित हवाई सेवाओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया. इसमें बताया गया कि उत्तराखंड में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को बढ़ाने के लिए कई स्तरों पर कार्य किया जा रहा है. साथ ही राज्य में चल रही विमानन परियोजनाओं और प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति से भी केंद्र सरकार के अधिकारियों को अवगत कराया गया.