चमोलीः उत्तराखंड के चमोली स्थित विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे और दान की धनराशि में हुई गंभीर गड़बड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एसआईटी (SIT) ने आरोपी अधिकारी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एसआईटी की टीम ने नौटियाल को 12 जुलाई की रात लगभग 8:00 बजे देहरादून से हिरासत में लिया, जिसके बाद उन्हें पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बद्रीनाथ लाया गया है. गौरतलब है कि बद्रीनाथ धाम में दान के पैसों में हेराफेरी का यह मामला बीते 2 जुलाई को प्रकाश में आया था, जिसे गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल जांच के आदेश दिए थे.
बीकेटीसी आज सौंप सकती है अपनी रिपोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी अब अन्य संदिग्धों की भी पहचान कर रही है और आने वाले समय में इस प्रकरण में कई अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है. वहीं इस पूरे विवाद की जांच कर रही बीकेटीसी की टीम आज अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेगी. बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा और दान की धनराशि में गड़बड़ी हुई थी. चार सदस्य टीम आज अपनी पूरी रिपोर्ट सौंप सकती है. सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों के लिखित बयान भी जांच रिपोर्ट में दर्ज हैं. बीते 2 जुलाई को चढावा गणना को लेकर बद्रीनाथ धाम में हेर-फेर हुआ था.
वायरल लेटर से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल, ये मामला तब सामने आया, जब सोशल मीडिया पर एक लेटर वायरल हुआ. जिसके बाद पूरे देवभूमि में बवाल शुरू हो गया. विपक्ष ने राज्य सरकार को घेरना शुरू कर दिया था. वायरल लेटर में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के कर्मचारियों पर मंदिर के भीतर आने वाले दान और चढ़ावे की रकम में हेरफेर करने के बेहद गंभीर आरोप लगाए गए थे. करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े इस धाम में कथित गड़बड़ी की खबर फैलते ही तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय हक-हकूकधारियों से लेकर राजनीतिक गलियारों तक में उबाल आ गया था.