हेमकुंड यात्रा मार्ग से दो महिला श्रद्धालु एयरलिफ्ट, सुरक्षित रेस्क्यू से बची जान, जानिये पूरा मामला

चमोली: हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर एक बार फिर चमोली पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है. सोमवार को यात्रा के दौरान घोड़े से गिरकर घायल हुई दो महिला श्रद्धालुओं को पुलिस टीम ने कठिन पहाड़ी रास्तों से सुरक्षित निकालकर समय रहते उपचार के लिए भेजा.

जानकारी के अनुसार पंजाब के लुधियाना निवासी श्रद्धालु देविंदर कौर पत्नी करमजीत सिंह और कुलजिंदर कौर पत्नी सुखदेव सिंह हेमकुंड साहिब के दर्शन कर घोड़े के माध्यम से घांघरिया से गोविंदघाट लौट रही थीं. इसी दौरान रामडुंगी के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों महिलाएं घोड़े से नीचे गिर गईं. हादसे में दोनों घायल हो गईं. जिसके बाद दोनों महिलाएं दर्द से कराहने लगीं.

घटना की सूचना मिलते ही चौकी घांघरिया में तैनात कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह नेगी, कांस्टेबल गौरव सिंह और होमगार्ड मनमोहन तत्काल मौके पर पहुंचे. पुलिस टीम ने पहले मौके पर प्राथमिक उपचार दिया. इसके बाद दुर्गम पहाड़ी रास्ते के बीच घायल महिलाओं को कंडी के सहारे रामडुंगी से हेलीपैड तक पहुंचाया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों महिलाओं को हेलीकॉप्टर के जरिए गोविंदघाट भेजा गया. जहां उनका उपचार कराया जा रहा है. यात्रा मार्ग पर पुलिस की तत्परता और मानवीय कार्यशैली की स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने सराहना की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *