उत्तराखंड के मदरसों में बाहरी छात्रों के दाखिले का मामला, सरकार ने इन जिलों में दिए गहन जांच के आदेश

देहरादून: उत्तराखंड में मदरसों को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में यह बताया गया है कि बाहरी राज्यों के बच्चों को उत्तराखंड के मदरसों में लाया जा रहा है. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड शासन ने तत्काल संज्ञान लिया है और व्यापक स्तर पर जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं.

सरकार का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा पारदर्शिता और सभी नियमों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. देहरादून सहित उत्तराखंड के चार जिलों में इस तरह के मामले की जांच होगी.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पूरे प्रकरण पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि राज्य में किसी भी संस्था को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित की जाए. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित संस्थानों और व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे.

इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते ने देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर और नैनीताल के जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं. इन निर्देशों के तहत सभी जिलों में व्यापक वेरिफिकेशन ड्राइव चलाई जाएगी, जिसमें मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *