हरिद्वार: श्यामपुर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के बाद पुलिस चौकी में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने बवाल करने के आरोप में 10 नामजद समेत 70 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में पुलिस जुट गई है.
बीते बुधवार रात कांगड़ी से हरिद्वार की ओर आ रही एक कार ने चंडी घाट चौके के पास दो स्कूटी सवार को टक्कर मार दी थी. इस हादसे में स्कूटी सवार प्रवेश की मौके पर ही मौत हो गई थी. जबकि कार ने अन्य लोगों को भी टक्कर मारी थी लेकिन दूसरी स्कूटी पर सवार सौरभ अग्रवाल, निवासी कनखल, गंभीर रूप से घायल हो गए, अभी भी अस्पताल में उनका उपचार जारी है. हालांकि पुलिस ने घटना के बाद मौके से चालक आयुष राठौर निवासी मेरठ कैंट और उसके तीन साथियों को हिरासत में ले लिया था. चालक के नशे में होने की आशंका पर उसे मेडिकल के लिए ले जाया जा रहा था. आरोप है कि इसी बीच मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आक्रोशित हो उठे.
इसके बाद चंडीघाट चौकी पर देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई. उन्होंने आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग करते हुए मार्ग पर जाम लगा दिया था और जिससे लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा. लेकिन स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब भीड़ में शामिल कई लोग चौकी के अंदर घुस गए. कुछ लोगों ने सामान तोड़ दिया और पुलिस चौकी पर पथराव कर दिया. गुस्साई भीड़ ने जमकर तोड़फोड़ की थी. इस बलवे में चौकी का फर्नीचर और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया था. आरोप है कि पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की भी सूचना है.
हालात बेकाबू होते देख पुलिस को हल्का बल का प्रयोग करना पड़ा. लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर बितर किया गया. घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में वीडियो फुटेज के आधार पर कविता, संदीप, कृष्ण, सुबोध, राहुल, गोविंद, डुस्तो, राजू उर्फ राजू उर्फ गंजा, रामबाबू और सोनू उर्फ टुंडा को नामजद करते हुए अन्य करीब 60 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. हरिद्वार के सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि इस मामले में सत्तर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर नामजद आरोपियों समेत अन्य की पहचान की जा रही है. इस तरह की अव्यवस्था किसी भी सूरत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.