रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर पुलिस को अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है. एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत जसपुर पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने दो शातिर हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है. तस्करों के पास से कई अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं.
अपराध मुक्त देवभूमि अभियान को साकार करने की दिशा में ऊधम सिंह नगर पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है. 24 मार्च को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए कोतवाली जसपुर पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने दो शातिर हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया.
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में और प्रभारी निरीक्षक जसपुर के नेतृत्व में की गई. टीम ने पतरामपुर अंडरपास, सर्विस रोड कट जसपुर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को धर दबोचा.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमशेर सिंह पुत्र कुलवंत सिंह निवासी ग्राम हाजिरो थाना जसपुर और सिमरनदीप सिंह पुत्र अजमेर सिंह निवासी अंजनिया फार्म थाना पुलभट्टा, उधम सिंह नगर के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान शमशेर सिंह के कब्जे से एक अवैध 32 बोर पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जबकि सिमरनदीप सिंह के पास से भी एक .32 बोर पिस्टल और 5 कारतूस मिले.