देहरादून: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में गुरुवार को धराली आपदाग्रस्त क्षेत्र पहुंचा. वहां स्थितियों का जायजा लेने से पूर्व कांग्रेस जनों ने कुछ मिनटों के लिए आपदा में जान गंवा चुके लोगों की आत्मा की शांति के लिए मौन भी रखा. इस दौरान गणेश गोदियाल ने प्रतिनिधिमंडल के धराली आगमन से पूर्व इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने का भी आरोप लगाया है.
धराली पहुंचा कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल: गणेश गोदियाल ने वहां से एक वीडियो जारी करते हुए आरोप लगाया कि हमारे पहुंचने से पहले आशंका के अनुरूप सरकार ने धराली में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं. हालांकि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के यहां आने से पूर्व इंटरनेट सेवाएं बहाल थी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने धराली के स्थलीय निरीक्षण से पूर्व आपदा में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए कुछ मिनटों के मौन के रूप में प्रभु से प्रार्थना की. इसके बाद कांग्रेस जनों ने वहां पीड़ित लोगों से मिलकर वास्तविक स्थिति की जानकारी ली.
धराली के ताजा हालात जान रहा प्रतिनिधिमंडल: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार का काम है कि इस जगह को पूर्व की स्थिति में लाने का प्रयास करे. लेकिन जो सरकार मलबे में दबे लोगों के शवों को निकालने का प्रयास नहीं कर पा रही है, वह सरकार इस जगह की स्थिति को पूर्व की भांति कैसे ला पाएगी. सरकार का यह कहना कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को क्षतिपूर्ति नहीं दी जाएगी, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. सरकार को पता होना चाहिए कि आपदा से पहले जब यहां व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हो रहे थे, उस समय उन प्रतिष्ठानों में रुकने वाले यात्रियों ने अवश्य टैक्स चुकाया होगा. टैक्स के रूप में इन प्रतिष्ठानों ने देश की जीडीपी में अपना योगदान भी दिया होगा. तब सरकार का फर्ज बनता है कि इस विपत्ति के समय ऐसे प्रतिष्ठानों की रक्षा करते हुए मदद करे.