देहरादून: 2027 में उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव होने हैं. धामी सरकार और उनकी पार्टी बीजेपी अभी से चुनावी तैयारियों में जुट गई है. बीजेपी अपनी सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चला रही है. इसी के तहत पार्टी के विधायक और प्रवक्ता विनोद चमोली ने देहरादून में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अपनी सरकारी की उपलब्धियां गिनाईं. विनोद चमोली ने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार ने दो गुनी रफ्तार से विकास कार्य किए हैं.
बीजेपी की विकास केंद्रित प्रेस कॉन्फ्रेंस: विकास केंद्रित पत्रकार वार्ता श्रृंखला की शुरुआत में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में पीएम मोदी का ‘विकसित भारत स्वप्न’ देवभूमि में साकार हो रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य का विकास आज जनता अनुभव कर रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में राज्य विकसित उत्तराखंड बनाने जा रहा है. आज भरोसे के साथ कहा जा सकता है कि उत्तराखंड न सिर्फ धार्मिक पर्यटन का केंद्र बन रहा है, बल्कि आधुनिक बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है.
बीजेपी प्रवक्ता विनोद चमोली ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस: चमोली ने जोर देते हुए कहा कि, सिर्फ केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं की बात करें तो 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं आज राज्य में प्रगतिशील हैं. जिसमें केदारनाथ-बदरीनाथ मास्टर प्लान और चारधाम यात्रा में विकास की बात करें तो बाबा भोलेनाथ की नगरी श्री केदारनाथ में आधुनिक तकनीक और पारंपरिक स्वरूप दोनों को ध्यान में रखकर किया गया का पुनर्निर्माण कार्य अद्भुत है. वहीं बदरीनाथ में मास्टर प्लान के तहत सड़क, पार्किंग, आवासीय सुविधाओं और तीर्थ यात्रियों के लिए सभी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे परियोजना से श्रद्धालुओं को यात्रा में समय की बचत होगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार सृजन होने वाला है.
विनोद चमोली ने गिनाईं राज्य सरकार की उपलब्धियां: उन्होंने कहा कि पहाड़ पर रेल चढ़ाने का सपना शीघ्र ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक बनने वाली रेल लाइन पर दौड़ेगा. यह परियोजना उत्तराखंड की लाइफलाइन बनेगी, जिससे हिमालयी क्षेत्र को रेल नेटवर्क से जोड़कर न सिर्फ जनसंपर्क बढ़ेगा, बल्कि आपदा के समय राहत कार्यों में भी गति आएगी. राज्य में पेयजल और ऊर्जा की समस्या के समाधान का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि दशकों से लंबित सौंग, किसाऊ, लखवाड़ व्यासी व जमरानी बांध परियोजनाओं पर पुनः तेजी से काम शुरू हुआ है, जो उत्तराखंड के जल और ऊर्जा संकट के दीर्घकालिक समाधान का माध्यम बनेंगी.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया यातायात सुधार का जिक्र: विनोद चमोली ने यातायात के क्षेत्र में हुए सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि दुर्गम पहाड़ी इलाकों को सड़क नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है. गांव-गांव तक सड़क पहुंचने से शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है. प्रधानमंत्री आवास योजना से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं. इसी तरह आयुष्मान भारत योजना के विस्तार में अटल आयुष्मान उत्तराखंड से लाखों परिवारों को निशुल्क इलाज की सुविधा मिल रही है.