उत्तरकाशी: जनपद में लगातार आबादी क्षेत्र में गुलदार और भालुओं के आंतक से ग्रामीण परेशान हैं. इनमें अधिकतर हमले भालू के हो रहे हैं. मंगलवार शाम को अस्सी गंगा घाटी के सेकू गांव में खेतों में काम कर रही बुजुर्ग महिला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया.
खेत में काम कर रही महिला पर भालू ने किया हमला: आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर किसी तरह भालू को वहां से भगाया. भालू के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. ग्रामीणों ने घायल को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार कर हायर सेंटर रेफर कर दिया है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भालू ने महिला पर कितना घातक हमला किया है. घटना के बाद वन विभाग के कर्मचारी भी जिला अस्पताल में पहुंचे. वन विभाग के उच्च अधिकारियों की ओर से फोन न उठाने पर स्थानीय लोगों में नाराजगी का माहौल बना हुआ है.
भालू के हमले में 70 साल की बुजुर्ग महिला घायल: मंगलवार शाम को सेकू गांव निवासी 70 वर्षीय प्यारदेई अपने खेतों में काम कर रही थी. तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया. हमले में उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई. आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह भालू को वहां से भगाकर महिला को उसके चंगुल से छुड़वाया और उसे अस्पताल पहुंचाया. वहां से घायल महिला को हायर सेंटर रेफर किया गया.