देहरादून: राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर हिमालयन संस्कृति केंद्र में आयोजित हिमालय निनाद उत्सव- 2025 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया. इस दौरान सीएम ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया. साथ ही संस्कृति के उत्थान और कलाकारों के हित में चार घोषणाएं की.
संस्कृति के उत्थान और कलाकारों को लेकर सीएम ने की चार घोषणाएं: सीएम ने वृद्ध और आर्थिक रूप से कमजोर कलाकारों तथा लेखकों को जिन्होंने अपना पूरा जीवन कला एवं संस्कृति तथा साहित्य की साधना में लगा दिया, लेकिन वृद्धावस्था व खराब स्वास्थ्य के चलते वो अपने जीविकोपार्जन में असमर्थ हो गए हैं, उनको दी जाने वाली मासिक पेंशन 3,000 की वृद्धि करते हुए 6000 रुपए मासिक करने की घोषणा की है
जनपद स्तर पर बनेंगे प्रेक्षागृह: मुख्यमंत्री ने संस्कृति विभाग के तहत सूचीबद्ध सांस्कृतिक दलों के कलाकारों का मानदेय और अन्य व्यवस्थाएं भारत सरकार के उपक्रम नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर की तर्ज पर दिए जाने की घोषणा की है. इसके साथ ही प्रदेश के समस्त जनपद स्तर पर प्रेक्षागृह का निर्माण करने की घोषणा की. इसके अलावा सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं प्रदर्शन के लिए प्रदेश में एक राज्य स्तरीय संग्रहालय और कुमाऊं एवं गढ़वाल मंडल में एक-एक मंडल स्तरीय संग्रहालय का निर्माण किए जाने की भी घोषणा की है.