देहरादून: उत्तराखंड के सार्वजनिक उपक्रमों/निगमों/निकायों में काम कर रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को बढ़ा दिया गया है. सार्वजनिक उपक्रमों में सातवां वेतनमान लागू है. ऐसे में सीएम ने इनके नियमित कर्मचारियों को राजकीय कार्मिकों की तरह ही एक जुलाई 2025 से मूल वेतन में अनुमन्य महंगाई भत्ते की वर्तमान दर 55 फीसदी से बढ़ाकर 58 फीसदी किये जाने को मंजूरी दे दी है.
इसके साथ ही सीएम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तक उपलब्ध कराए जाने के लिए 54.72 करोड़ रुपए की धनराशि जारी करने की मंजूरी दी है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उच्च शिक्षा विभाग के तहत 21 अशासकीय महाविद्यालयों में काम कर रहे कार्मिकों को वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 के आखिरी 4 माह के वेतन भुगतान के लिए 57.14 करोड़ की धनराशि को मंजूरी दी है. मां नन्दा राजजात यात्रा के से संबंधित कामों/योजनाओं को स्वीकृत किये जाने के लिए राज्य योजना के तहत चमोली जिले के विधानसभा क्षेत्र थराली के देवाल मुन्दोली वाण मोटर मार्ग को बेहतर करने के लिए 32.69 करोड़ रुपए और विकासखण्ड थराली में ग्वालदम-नन्दकेसरी राज्य मार्ग का डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य के लिए 15.06 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किया है.