देहरादून: उत्तराखंड के मानसून हालांकि चला गया है, इसके बावजूद अभी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने 4 और 5 नवंबर को राज्य के कई पर्वतीय जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है. जिन जिलों में बारिश होगी उनमें गढ़वाल मंडल के 3 और कुमाऊं मंडल के 2 जिले शामिल हैं.
कल और परसों उत्तराखंड में होगी बारिश: मौसम विभाग के अनुसार आज 3 नवंबर को उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. यानी आज राज्य में कहीं भी बारिश नहीं होगी. हालांकि मौसम विभाग ने कल यानी 4 नवंबर और परसों यानी 5 नवंबर को बारिश की संभावना जताई है. पूर्वानुमान के अनुसार 4 नवंबर को उत्तराखंड के 5 जिलों में बारिश होगी.
इन जिलों में बरसेंगे बादल: 4 नवंबर को गढ़वाल मंडल के सीमांत जिलों उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में बारिश होगी. हालांकि ये बारिश कहीं-कहीं और बहुत हल्की से हल्की होगी. इस दौरान बादल गरजेंगे तो बिजली भी चमकेगी. इसी तरह कुमाऊं मंडल के दो जिलों बागेश्वर और सीमांत पिथौरागढ़ में भी बारिश होगी. बाकी 8 जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार वेदर का यही पैटर्न 5 नवंबर को भी रहेगा. दो दिन की बारिश के बाद 6 से 8 नवंबर तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान लगाया गया है.