रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है. हादसे से पूरे क्षेत्र को हड़कंप मच गया. कालाढूंगी थाना क्षेत्र के बन्नाखेड़ा इलाके में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. एक 12 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल किशोर का फिलहाल रामनगर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. किशोर की मां को भी चोटें आई हैं.
दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर: घटना सोमवार की देर रात की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, रामनगर के मोहल्ला खताड़ी निवासी शरीफ अपनी पत्नी और 12 वर्षीय पुत्र के साथ बाइक से बाजपुर से रामनगर लौट रहे थे. इसी दौरान बन्नाखेड़ा इलाके में बाजपुर निवासी सूरज अपनी बाइक पर सामने से आ रहा था. दोनों बाइकों की भीषण भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों चालकों को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे में दो लोगों की मौत: हादसे में शरीफ की पत्नी को भी चोटें आई हैं. उनका 12 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल है. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल रामनगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बच्चे का उपचार जारी है. मौके पर पहुंची कालाढूंगी थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम लिए भेज दिया है.
पुलिस ने कहा लापरवाही से ड्राइविंग का मामला: दुर्घटना की पुष्टि करते हुए वरिष्ठ उप निरीक्षक मोहम्मद यूनुस ने बताया कि-
दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है. प्रथम दृष्टया यह तेज गति और सड़क पर लापरवाही से ड्राइविंग का मामला प्रतीत होता है.
-मोहम्मद यूनुस, रिष्ठ उप निरीक्षक-
स्थानीय ग्रामीणों ने की हादसा पीड़ितों की मदद: पुलिस का कहना है कि हादसे के समय सड़क पर रोशनी कम थी, जिससे दोनों वाहनों को एक-दूसरे को देखने का पर्याप्त समय नहीं मिला और टक्कर हो गई. वहीं हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया.
स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग: इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है. मोहल्ला खताड़ी में रहने वाले शरीफ के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था और स्पीड कंट्रोल उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.