सांस्कृतिक नगरी में निकली भव्य शोभायात्रा, गूंजे मां दुर्गा के जयकारे, नम आंखों से दी गई विदाई

अल्मोड़ा: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर दशमी को मां दुर्गा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई. जिससे पूरे नगर में भक्तिमय माहौल बना रहा. भक्तों ने भजन कीर्तन कर शोभायात्रा में शिरकत की. माता के जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान रहा. वहीं, क्वारब नदी में माता की मूर्तियों का विसर्जन किया गया. इस मौके पर लोगों की आंखें छलक आईं.

बता दें कि अल्मोड़ा नगर के 9 स्थानों पर माता के पंडाल सजाए गए थे. विभिन्न स्थानों में लगे मां दुर्गा पंडाल में माता की मूर्ति बनाकर उन्हें सजाया गया था. मां की मनमोहक मूर्तियों के सामने बैठ कर नौ दिनों तक भक्तों ने माता की विधि विधान से पूजा अर्चना की. इस दौरान मंत्रोचार एवं शंख घंटों को आवाज से पूरा नगर का माहौल भक्तिमय बना रहा.

इन जगहों पर लगाए गए थे मां दुर्गा के पंडाल: वहीं, देर रात्रि तक रोजाना भजन कीर्तन कर दुर्गा मां की आराधना की गई. नगर के लाल बाजार, गंगोला मोहल्ला, राजपुरा, चौघानपाटा, धारानौला, लक्ष्मेश्वर, सिमकनी समेत कई स्थानों में मां की पूजा पंडाल लगाए गए थे. जहां प्रथम नवरात्रि से कलश यात्रा निकाल कर माता की स्थापना व प्राण प्रतिष्ठा कर विधि विधान से पूजा अर्चना की गई.

नौ दिनों तक माता के किसी पंडाल में भागवत कथा हुई तो कही श्री राम कथा का आयोजन किया गया. वहीं, सभी पंडालों में माता के भक्तों ने रात-रात भर जग कर माता के भजन कीर्तन किए. अष्टमी और नवमी को विशेष पूजा के बाद माता को हलवा पूरी का भोग लगा कर भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया. दशमी के दिन सभी पंडालों से माता की शोभायात्रा निकाली गई. शोभायात्रा अपने अपने पंडालों से नगर भ्रमण पर निकली.

मां के जयकारों से भक्तिमय नजर आया अल्मोड़ा: दुर्गा मां की शोभायात्रा मिलन चौक, लाला बाजार, चौक बाजार थाना बाजार होते हुए क्वारब नदी की ओर रवाना हुईं. इस दौरान माता के भक्तों ने समूह में माता के भजन गाकर और माता के जयकारे लगाकर पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया. दूर-दूर से लोग माता के दर्शन करने और शोभायात्रा में शामिल होने पहुंचे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *