काशीपुर: देशभर में शारदीय नवरात्रि के मौके पर दुर्गा पूजा के पंडाल सजे हुए हैं. उत्तराखंड के तराई क्षेत्र भी दुर्गा पूजा की धूम है. काशीपुर में श्री श्री दुर्गा पूजा ट्रस्ट की ओर से दुर्गा पूजा का पंडाल लगाया गया है. जिसमें भक्त बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. रोजाना मां दुर्गा के भजन और आरतियों से पंडाल गूंज रहा है. वहीं, भजन गायक भी मां की महिमा का गुणगान कर रहे हैं. इसी कड़ी में बरेली से आए राम श्याम बंधुओं ने भजन गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
काशीपुर में दुर्गा पूजा का आयोजन: बता दें कि काशीपुर में गिरीताल रोड पर हैवेल्स शोरूम के पास श्री श्री दुर्गा पूजा ट्रस्ट की ओर से दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया है. यह दुर्गा पूजा 27 सितंबर से शुरू हुआ, जो आगामी 2 अक्टूबर तक चलेगा. दुर्गा पूजा में रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं. जिसमें स्थानीय और दूरदराज से आए भजन गायक भजनों के माध्यम से मां दुर्गा के महिमा का गुणगान कर रहे हैं.3 अक्टूबर को मां दुर्गा की प्रतिमा की जाएगी विसर्जित: वहीं, सार्वजनिक दुर्गा पूजा के उत्सव में शामिल होकर सभी भक्त मां भवानी का आशीर्वाद ले रहे हैं. आयोजकों ने बताया कि बीती 27 सितंबर को मां के देवी बोधन व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ दुर्गा पूजा का शुभारंभ किया गया. जो आगामी 2 अक्टूबर विजयादशमी तक आयोजित होता रहेगा. 3 अक्टूबर को मां दुर्गा की प्रतिमा को गर्जिया देवी मंदिर के पास कोसी नदी में विसर्जित किया जाएगा.
शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के भी कार्यक्रम किए जा रहे आयोजित: आयोजक कमलनाथ ने बताया कि यह सब माता की कृपा से ही संभव हो पाया है. कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता की तरफ भी विशेष जोर दिया जा रहा है. जिसके तहत आज स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. जबकि, कल शिक्षा जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि रोजाना नए-नए गायक प्रस्तुति दे रहे हैं. इस बार बरेली से आए राम श्याम बंधुओं ने मां के भजन गाए.