नंदा देवी राजजात यात्रा में नहीं होगी पार्किंग की टेंशन, चमोली-कर्णप्रयाग क्षेत्र में बनाया गया ये ब्लूप्रिंट – PARKING CONSTRUCTION IN CHAMOLI

चमोली: उत्तराखंड में नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं. चमोली-कर्णप्रयाग क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा को समय से पूरा करने के लिए तीन स्थानों पर तहसील प्रशासन द्वारा पार्किंग निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की गई है. जिससे लोगों को आने वाले दिनों में जाम से निजात मिलेगी. साथ ही चमोली-कर्णप्रयाग क्षेत्र नंदा देवी राजजात यात्रा का प्रमुख केंद्र है.

जाम से मिलेगा छुटकारा: गौर हो कि चिन्हित स्थलों में पहला स्थान कर्णप्रयाग नगर में कर्ण मंदिर के सामने बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से सटी ग्राम भेड़गांव (तहसील कर्णप्रयाग) की भूमि को पार्किंग निर्माण के लिए प्रस्तावित किया गया है. दूसरा पार्किंग स्थान सिमली मोटर मार्ग के पास कर्णप्रयाग-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग से सटी ग्राम पीपलसेरा (राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र सिमली) की भूमि पार्किंग निर्माण हेतु चिन्हित की गई है और तीसरी पार्किंग के लिए कनखुल टैक्सी स्टैंड के निकट, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी ग्राम कर्णप्रयाग (तहसील कर्णप्रयाग) की भूमि बहुमंजिला पार्किंग निर्माण के लिए चिन्हित की गई है. जोकि पिंडर नदी के किनारे है.

लोगों को मिलेगी सहूलियत: पार्किंग निर्माण जनहित और विभिन्न धार्मिक आयोजनों विशेषकर नंदा देवी राजजात को ध्यान में रखते हुए किया जाना प्रस्तावित हुआ है. जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि तीनों स्थलों पर पार्किंग निर्माण आमजन के हित में कराया जाएगा, जिससे स्थानीय निवासियों,व्यापारियों एवं यात्रियों को सुगम पार्किंग सुविधा मिल सकेगी. बताया कि चिन्हित स्थलों के फोटोग्राफ्स तैयार कर शासन को प्रेषित किए जा रहे हैं और आवश्यक प्रक्रिया प्रगति पर है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *