उत्तराखंड बीजेपी का जल्द बदलेगा ठिकाना, ढूंढा जा रहा नया आशियाना, जानिये वजह – UTTARAKHAND BJP OFFICE

देहरादून: उत्तराखंड बीजेपी इन दिनों प्रदेश कार्यालय के लिए एक किराए का मकान ढूंढ रही है. ऐसा इसलिए क्योंकि जहां पर इस समय भाजपा कार्यालय मौजूद है वहां पर बीजेपी जल्द ही एक बड़ा प्रदेश कार्यालय बनाने जा रही है.

लंबे समय से उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी अपने नए कार्यालय के निर्माण में लगी हुई है. रिंग रोड पर चयन की गई प्रदेश कार्यालय निर्माण की भूमि पर विवाद के बाद उत्तराखंड भाजपा के लिए कार्यालय निर्माण टेढ़ी खीर बना हुआ था. आखिरकार प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व ने इसे लेकर बड़ा फैसला लिया है. जिसके हिसाब से इस वक्त जहां भाजपा प्रदेश कार्यालय मौजूद है उसके आसपास की तीन बीघा जमीन खरीद कर यहां भव्य प्रदेश कार्यालय बनाया जाएगा. पूर्व में निर्धारित प्रदेश कार्यालय से यह कार्यालय थोड़ा अलग होगा. पहले जो जमीन रिंग रोड पर चयनित की गई थी वह काफी फैली हुई थी. वहां बड़े परिसर का प्रदेश कार्यालय बनाना संभव था, लेकिन, अब पार्टी प्रदेश कार्यालय परिसर मल्टी स्टोरी के रूप में तैयार करने पर विचार किया जा रहा है.

उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने बताया प्रदेश कार्यालय अब उसी जगह पर बड़े स्वरूप में बन रहा है जहां पर मौजूद है. तब तक पार्टी की सभी गतिविधियों को संचालित रखने के लिए किसी दूसरे आवास को ढूंढा जा रहा है. अपने प्रदेश कार्यालय के नवनिर्माण तक पार्टी की तमाम गतिविधियों किराये के आवास से चलेंगी. भाजपा अभी पार्टी की तमाम गतिविधियों के लिए टेंपरेरी कार्यालय की खोज में डटी हुई है. कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार पार्टी अपना टेंपररी कार्यालय 6 नंबर पुलिया के आसपास खोल सकती है.

प्रदेश कार्यालय प्रमुख कौस्तुभानंद जोशी ने बताया बालवीर रोड पर पार्टी के पास पहले तकरीबन ढाई बीघा जमीन मौजूद थी. जब रिंग रोड पर पार्टी कार्यालय बनाने के लिए चयन की गई भूमि पर विवाद हुआ तो उसके बाद यह फैसला लिया गया कि बलबीर रोड पर ही पार्टी कार्यालय के आसपास की जमीन को खरीदा जाए. उसके बाद पार्टी ने बालवीर रोड पर ही मौजूदा पार्टी कार्यालय के पीछे और अगल-बगल में तकरीबन तीन बीघा जमीन खरीद ली. अब 5 से 6 बीघा में उत्तराखंड भाजपा कार्यालय का भव्य निर्माण किया जाएगा.

कार्यालय प्रमुख से मिली जानकारी के अनुसार अभी पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से नक्शा आना बाकी है. इस नशे के आधार पर पार्टी कार्यालय के निर्माण को लेकर कुछ स्पष्ट तौर पर कहा जा सकता है. हालांकि, यह जरूर है कि जिस तरह से पहले पार्टी का कार्यालय उत्तराखंड शैली में बनाया जाना था उसी तरह से यहां पर भी बनेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *