रुद्रपुर: ओमान से घर लौटे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में खटीमा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर मृतक को ब्लैकमेल कर पैसों की डिमांड करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है. आरोपी मृतक की पत्नी की निजी फोटो और वीडियो भेज कर मृतक को ब्लैकमेल कर पैसों की डिमांड करता था. आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है.
खटीमा कोतवाली क्षेत्र के रहने वाला युवक विदेश में नौकरी करता था. कुछ समय पूर्व ही वह ओमान से लौट कर घर आया हुआ था. 13 मई को युवक ने आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी. हादसे के बाद परिजनों ने घटना को आत्महत्या समझ कर शव का दाह संस्कार भी कर दिया था. लेकिन हकीकत तब सामने आई जब ओमन में साथ काम करने वाले दोस्त ने युवक के परेशान रहने और पैसे मांगने की बात परिजनों को बताई. जिसके बाद से युवक डिप्रेशन में चल रहा था. असलियत तब सामने आई जब परिजनों ने युवक का मोबाइल खंगाला तो उसके मोबाइल से एक नंबर पर हजारों रुपए के ट्रांजेक्शन होना पाया गया. जिसके बाद शक होने पर मृतक के भाई ने 19 मई को कोतवाली खटीमा में तहरीर दी
जब मामले की जांच की गई तो कई महत्वपूर्ण तथ्य पुलिस के हाथ लगे. जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उस संदिग्ध नंबर की डिटेल निकाली और दिलीप सिंह बोहरा निवासी चंडाक, कोतवाली पिथौरागढ़ को हिरासत में लेते हुए पूछताछ की. पूछताछ में आरोपी दिलीप सिंह बोहरा उर्फ दीपक बोहरा ने बताया कि कुछ समय पूर्व सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी जान पहचान मृतक की पत्नी से हुई. इस दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ गई. जिसके बाद आरोपी उसके पति को अश्लील फोटो और वीडियो भेज कर ब्लैकमेल कर पैसों की डिमांड कर रहा था.